
S-400 एयर डिफेंस सिस्टम (फ़ोटो- ANI)
India Defence System: चीन और तुर्किये के साथ पाकिस्तान की रक्षा साझेदारियों के बीच भारत अपनी पश्चिमी सीमा पर एयर डिफेंस को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत जम्मू-कश्मीर में 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (LoC) की सुरक्षा के लिए अपना पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने जा रहा है। इस मामले की जानकारी रखने वाले दो वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय वायु सेना (IAF) की एक टीम अगले महीने रूस जाएगी, जो पांचवें S-400 सिस्टम का प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन करेगी। उम्मीद है कि यह सिस्टम फरवरी 2027 तक तैनाती के लिए तैयार हो जाएगा। हालांकि, केंद्र सरकार ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
फिलहाल भारत के तीन S-400 सिस्टम पंजाब, राजस्थान और गुजरात में तैनात हैं। इनका मकसद देश की पश्चिमी सीमा से आने वाले हवाई खतरों का मुकाबला करना है। वहीं, चौथा सिस्टम अरुणाचल प्रदेश में 1,126 किलोमीटर लंबे LAC की सुरक्षा में मदद के लिए असम में तैनात है। पांचवें सिस्टम की तैनाती से जम्मू-कश्मीर में LoC के पास वायु रक्षा और भी मजबूत होने की उम्मीद है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत आने वाले वर्षों में रूस से पांच और S-400 सिस्टम खरीदने की तैयारी कर रहा है। S-400 एक लंबी दूरी का सतह से हवा में मार करने वाला मिसाइल सिस्टम है। यह 40 से 400 किलोमीटर की दूरी तक बैलिस्टिक मिसाइलों, लड़ाकू विमानों, मानवरहित लड़ाकू हवाई वाहनों, कामिकेज ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन जैसे खतरों का मुकाबला करने में सक्षम है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान S-400 ने सटीक निशाना लगाने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इसने न सिर्फ यह पक्का किया कि पाकिस्तान की कोई भी बैलिस्टिक मिसाइल या रॉकेट भारतीय इलाके में न गिरे, बल्कि इसने सिंधु नदी के पश्चिम में पाकिस्तानी फाइटर जेट, AEW&C (एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल) एयरक्राफ्ट और ELINT (इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस) प्लेटफॉर्म को भी असरदार तरीके से बेअसर कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, चीन की योजना 2027 तक पाकिस्तान को पांचवीं पीढ़ी के J-35 लड़ाकू विमान देने की है। इसके जवाब में भारत ने लंबी दूरी के स्टैंड-ऑफ हथियार और लोइटरिंग म्यूनिशन बनाने और खरीदने का फैसला किया है। इसका मकसद चीन की लंबी दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली PL-15 जैसी मिसाइलों और HQ-9BE जैसे एयर डिफेंस सिस्टम का मुकाबला करना है।
एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, "हम जानते हैं कि भविष्य का युद्ध बिना सीधे संपर्क के स्टैंड-ऑफ हथियारों से लड़ा जाएगा। जिसके पास लंबी दूरी की मिसाइल और बेहतर एंटी-मिसाइल क्षमता होगी, उसे ही बढ़त मिलेगी।" रिपोर्ट में बताया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी वायु सेना ने चीनी J-10 लड़ाकू विमानों और स्वीडिश AWACS का इस्तेमाल करते हुए PL-15E मिसाइलें दागीं थी, जिनकी मारक क्षमता लगभग 200 किलोमीटर है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि भारत को अच्छी तरह पता है कि IMF से आर्थिक मदद मांगने और विदेशी मुद्रा भंडार की कमी से जूझने के बावजूद, पाकिस्तान चीन से आठ युआन (हंगोर)-श्रेणी की एआईपी (AIP) डीजल अटैक पनडुब्बियां खरीद रहा है। यह सौदा 5 अरब डॉलर से अधिक का है। इनमें से एक पनडुब्बी जून 2026 तक पाकिस्तानी नौसेना में शामिल भी हो चुकी है। चीन ने पाकिस्तान को विंग लूंग II ड्रोन भी दिए हैं, जो मिसाइल दागने में सक्षम हैं।
इसके अलावा, तुर्किये पाकिस्तान की अगोस्टा 90B पनडुब्बियों को अपग्रेड कर रहा है और लंबी दूरी तक मार करने वाले कामिकेज ड्रोन उपलब्ध करा रहा है। वहीं, अमेरिका पाकिस्तान को F-16 अपग्रेड पैकेज दे रहा है और सऊदी अरब ईरान समर्थित हूतियों के खिलाफ मक्का गठबंधन में पाकिस्तान के समर्थन के बदले उसे आर्थिक मदद मुहैया करा रहा है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




