27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / अमिताभ बच्चन के बंगले से BSE तक को उड़ाने की धमकी देने वाला कौन? पुलिस को अमेरिका रिटर्न इंजीनियर पर शक, 2 साल में भेजे 1500 ईमेल

अमिताभ बच्चन के बंगले से BSE तक को उड़ाने की धमकी देने वाला कौन? पुलिस को अमेरिका रिटर्न इंजीनियर पर शक, 2 साल में भेजे 1500 ईमेल

मुंबई में BMC कार्यालय, मेट्रो स्टेशन, BSE, स्कूलों और अमिताभ बच्चन के बंगले को धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में पुलिस को 28 वर्षीय युवक पर शक है। पुलिस के मुताबिक, वह दो वर्षों में करीब 1,500 फर्जी धमकी वाले ईमेल भेज चुका हो सकता है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 27 Nov 2026, 8:37 AM IST

Mumbai Bomb Threat Emails

बम की धमकी के बाद खाली कराया गया NMMC मुख्यालय

Mumbai Bomb Threat Emails: मुंबई में BMC मुख्यालय, मेट्रो स्टेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), अदालतें, स्कूल और फिल्म स्टार अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकियों के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। मुंबई पुलिस का मानना ​​है कि इन धमकियों के पीछे अमेरिका में काम करने वाला 28 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। आरोप है कि उसने पिछले दो सालों में देश भर की विभिन्न एजेंसियों को लगभग 1,500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजे हैं।

मुंबई पुलिस की खुफिया जानकारी के आधार पर तमिलनाडु आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने चेन्नई हवाई अड्डे से तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले का रहने वाला शंकर को हिरासत में लिया था। फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है। जब मुंबई पुलिस को उसकी कस्टडी मिलेगी, तो वे उससे पूछताछ करेंगे ताकि यह पता चल सके कि उसने ये धमकी भरे ईमेल क्यों भेजे और इसके पीछे उसका असली मकसद क्या था।

आरोपी पुलिस के जाल में कैसे फंसा?

टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन धमकियों की जांच कर रहे मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने आरोपी के ही एक ईमेल से मिले सुराग के आधार पर उससे बातचीत शुरू की और उसे जाल में फंसा लिया। बातचीत के दौरान अधिकारी ने कई ऐसे सवाल पूछे, जिनका जवाब शंकर ने अपनी पर्सनल ईमेल आईडी से दिया। उसे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह किसी पुलिस अधिकारी से बात कर रहा है।

यह सुराग मुंबई पुलिस के लिए उसकी पहचान करने और आगे की जानकारी जुटाने के लिए काफी था। यह जानकारी तमिलनाडु पुलिस के साथ साझा की गई, जिसके चलते अमेरिका से भारत लौटने पर उसे चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जब आरोपी को उनकी कस्टडी में सौंपा जाएगा, तो उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी ताकि इन धमकियों के पीछे के असली मकसद का पता लगाया जा सके।

कई जगहों पर भेजे गए धमकी भरे ईमेल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन ईमेल में मुंबई की कई अहम जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इन संदेशों में कई हाई-प्रोफाइल जगहों और कार्यक्रमों का जिक्र किया गया था। 23 अक्टूबर को भेजे गए एक ईमेल में मुंबई मेयर के कार्यालय, एक स्कूल, जुहू में अमिताभ बच्चन के आवास और अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट स्थल को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।

7 अगस्त को मुंबई मेयर के कार्यालय, मुंबई मेट्रो और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को कार बम और IED से धमाके की धमकियां मिलीं। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए इस धमकी में अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल न भेजने की चेतावनी भी दी गई थी।

20 जुलाई को गोरेगांव और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशनों को एक ईमेल मिला, जिसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को उड़ाने की धमकी दी गई थी। 12 मार्च को महाराष्ट्र विधान भवन को उड़ाने की धमकी मिली थी।

इसके अलावा, मई 2025 में टाटा मेमोरियल अस्पताल को एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि अस्पताल परिसर में बम रखे गए हैं। जुलाई 2025 में BSE को धमकी मिली कि अगले दिन दोपहर में RDX से भरे चार IED विस्फोट किए जाएंगे। बाद में ये सभी धमकियां झूठी साबित हुईं।

UP के एक संदिग्ध की भूमिका की भी जांच

जांच से पता चला कि 10 जून को BSE को भेजा गया धमकी भरा ईमेल कई VPN और पहचान छिपाने वाली अन्य तकनीकों के जरिए भेजा गया था। इससे डिजिटल ट्रेसिंग में देरी हुई। TOI की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी 24 वर्षीय संदिग्ध अंकित शंखवार की भूमिका की जांच कर रहे हैं, जिसे उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने गिरफ्तार किया है। उस पर फर्जी ईमेल अकाउंट बनाने और सप्लाई करने का नेटवर्क चलाने का आरोप है।

यूपी एटीएस की शुरुआती जांच से पता चला है कि 12 नवंबर को मुंबई के कई प्रमुख संस्थानों को धमकी भेजने के लिए अंकित द्वारा बनाई गई ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया गया था। एटीएस का दावा है कि ये ईमेल आईडी एक बांग्लादेशी नागरिक को बेची गई थीं, जिसके बदले में तुर्की और मिस्र जैसे देशों के स्रोतों से 50,000 डॉलर मिले थे। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस टीमें इस नेटवर्क का पता लगाने के लिए अलग-अलग जांच कर रही हैं।