Delhi AQI Today: दिल्ली में हवा का स्तर खराब होता जा रहा है। अशोक विहार, रोहिणी, जहांगीरपुरी, वजीरपुर जैसे इलाकों में AQI 500 तक पहुंच गया है।
Delhi Air Pollution: ठंड बढ़ते ही दिल्ली की आबोहवा एक बार फिर जानलेवा हो गई है। सोमवार सुबह शहर स्मॉग और घने कोहरे की मोटी चादर में लिपटा नजर आया, जिससे विजिबिलिटी कई जगहों पर 5-10 मीटर से भी कम हो गई। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत AQI 454 से ऊपर दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। कई इलाकों में AQI 500 के पार पहुंच गया, जो सीजन की सबसे खराब स्थिति है।
अशोक विहार, रोहिणी, जहांगीरपुरी, वजीरपुर जैसे इलाकों में AQI 500 तक पहुंचा। आनंद विहार और अक्षरधाम में 493, जबकि अन्य क्षेत्रों जैसे नेहरू नगर, ओखला, आरके पुरम और विवेक विहार में 480-493 के बीच दर्ज हुआ। GRAP-4 लागू होने के बावजूद हालात काबू में नहीं आ रहे।
दिल्लीवालों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। घना कोहरा और जहरीला स्मॉग मिलकर शहर को 'गैस चैंबर' बना रहे हैं। इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, बारापुल्लाह फ्लाईओवर जैसी जगहों पर कुछ मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण कई फ्लाइट्स डिले हुईं। इंडिगो और एयर इंडिया ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से फ्लाइट स्टेटस चेक करने को कहा। IMD ने उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी दी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि AQI 400-500 के स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहना फेफड़ों और दिल के लिए खतरनाक है। आंखों में जलन, सिरदर्द, सांस की तकलीफ जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। डॉक्टर के अनुसार सुबह टहलने या व्यायाम से बचें, घर के अंदर ही करें, जरूरी न हो तो बाहर न निकलें, मास्क पहनें, पानी ज्यादा पिएं और मौसमी फल खाएं, बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
IMD के अनुसार, अगले 5 दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं। हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषक फंस रहे हैं। हवा तेज होने या बारिश होने पर ही राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल ऐसी उम्मीद कम है। GRAP-4 के तहत निर्माण कार्य बंद, ट्रक एंट्री प्रतिबंधित और अन्य सख्त कदम लागू हैं, लेकिन सुधार धीमा है।