Nangloi Murder Case: दिल्ली के नांगलोई में 2004 की मासूम लड़की की हत्या का मामला सुलझ गया है। आरोपियों को बिहार में गिरफ्तार किया गया है।
Delhi Nangloi Murder Case: दिल्ली के नांगलोई इलाके में साल 2004 में 14 साल की एक लड़की की जघन्य हत्या का मामला आखिरकार सुलझ गया है। क्राइम ब्रांच की एनआर-1 टीम, प्रशांत विहार ने बिहार के बांका जिले से इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी सिकंदर उर्फ सुकवा और उसकी पत्नी मंजू को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि ये दोनों आरोपी साल 2006 में तीस हजारी कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित कर दिए गए थे।
यह भयावह घटना 22 अप्रैल 2004 को घटित हुई थी। उस दिन लड़की अपने घर पर अकेली थी, क्योंकि उसके माता-पिता बिहार गए हुए थे और उसका भाई नोएडा में एक शादी में शामिल होने गया था। अगली सुबह, जब भाई घर लौटा, तो उसने देखा कि घर बाहर से बंद था। दरवाजे को पीछे से खोलने पर भाई ने देखा कि उसकी बहन की लाश बिस्तर पर पड़ी थी, और उसका गला चाकू से रेत दिया गया था। इस हादसे के बाद थाना नांगलोई में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी सिकंदर लड़की के पिता का करीबी दोस्त था और दोनों साथ में मजदूरी करते थे। सिकंदर का आरोप था कि लड़की के पिता ने कई सालों तक उसका मेहनताना नहीं दिया और प्लॉट दिलाने का वादा भी पूरा नहीं किया। इस गहरी नाराजगी के चलते सिकंदर ने अपनी पत्नी मंजू के साथ मिलकर एक भयावह साजिश रची और मासूम लड़की की हत्या कर दी।
क्राइम ब्रांच की टीम ने पुराने अनसुलझे मामलों की जांच करते हुए रिकॉर्ड खंगालने और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों का पता लगाया। उनकी लोकेशन बिहार में मिली, जिसके बाद टीम ने करीब 15 दिनों तक बिहार में डेरा डाला। 10 फरवरी 2026 को छापेमारी के दौरान सिकंदर और मंजू को गिरफ्तार कर लिया गया।