Terror Social Media Network: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ऑनलाइन कट्टरपंथ फैलाने और आतंकी साजिश से जुड़े आरोप में कई राज्यों से युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले में IED बनाने, सोशल मीडिया भर्ती और संवेदनशील स्थानों की रेकी जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं।
Terror Module Busted in Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि ये लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए कट्टरपंथ फैलाने और लोगों की भर्ती कर कथित रूप से इस्लामिक राज्य स्थापित करने की साजिश में शामिल थे।पुलिस के अनुसार, यह मामला सिर्फ ऑनलाइन गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि एक संभावित आतंकी मॉड्यूल से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि इन आरोपियों का संबंध लाल किले में हुए धमाके से भी जोड़ा जा रहा है, जिसमें 11 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए थे। हालांकि, यह संबंध अभी जांच के दायरे में है और आधिकारिक रूप से अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। एक आरोपी ने कथित तौर पर दिसंबर 2025 में लाल किला सहित कई संवेदनशील स्थानों की रेकी भी की थी।
पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी के पास से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है। इसके अलावा, कई मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि दो आरोपी रिमोट-कंट्रोल्ड IED तैयार करने के लिए सामग्री इकट्ठा करने में जुटे थे।
पुलिस का दावा है कि ये सभी आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ग्रुप्स में सक्रिय थे, जहां कथित रूप से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किया जा रहा था, हथियार और विस्फोटक जुटाने की बातें हो रही थीं, फंडिंग के लिए बैंक डिटेल्स साझा किए जा रहे थे। कुछ आरोपियों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने गजवा ए-हिंद जैसे विचारों के समर्थन में युवाओं को उकसाने की कोशिश की।
इनमें से कुछ आरोपी अलग-अलग पेशों से जुड़े हुए थे, जैसे मैकेनिक, प्लंबर, सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय।
जांच एजेंसियों के मुताबिक एक आरोपी ने टॉय कार के सर्किट का इस्तेमाल कर IED बनाने की कोशिश कर रहे थे। कुछ तस्वीरें बंद ग्रुप्स में साझा की गईं, जिनमें विस्फोटक सामग्री दिखाई गई है। राम मंदिर, संसद भवन और सैन्य ठिकानों जैसे संवेदनशील स्थानों पर चर्चा हुई। सोशल मीडिया चैनलों के जरिए भर्ती और फंडिंग की गतिविधियाँ चल रही थीं
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब उनके डिजिटल उपकरणों, चैट्स और नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मॉड्यूल के पीछे और भी लोग जुड़े हो सकते हैं।