दिल्ली पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाते हुए कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना के पिता प्रेम सिंह सहरावत को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली पुलिस ने संगठित अपराध पर शिकंजा कसते हुए छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना के पिता प्रेम सिंह सहरावत (67 वर्ष) को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान उनके पास से 50 लाख रुपये नकद, 1.25 किलोग्राम सोना, बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो वाहन, चार कट्टे और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले की पुलिस ने 820 पुलिसकर्मियों की टीम के साथ दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के 58 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह अभियान टिल्लू ताजपुरिया, नीरज बवाना-राजेश बवाना, जितेंद्र उर्फ गोगी और काला जठेड़ी जैसे गैंग्स के खिलाफ चलाया गया, जिसका उद्देश्य इनके आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करना था।
इस ऑपरेशन में कुल 6 आरोपी गिरफ्तार हुए, जिनमें नीरज बवाना के पिता के अलावा शक्तिमान (34 वर्ष), वेदपाल (55 वर्ष), नवीन (30 वर्ष), अंकित उर्फ विशाल और हरिओम शामिल हैं। कुल बरामदगी में 49.60 लाख रुपये नकद, 1.36 किलोग्राम सोना, 14.60 किलोग्राम चांदी, 7 पिस्टल-रिवॉल्वर और कई कारतूस शुमार हैं। पुलिस ने कई एफआईआर दर्ज की हैं और जांच जारी है।
नीरज बवाना, जिनका असली नाम नीरज सहरावत है, दिल्ली-एनसीआर के सबसे कुख्यात गैंगस्टर्स में से एक हैं। 2015 से तिहाड़ जेल में बंद इस गैंगस्टर पर हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। जेल से ही वह अपने गिरोह को चला रहा है, और पुलिस का मानना है कि बरामद संपत्ति और हथियार उसके नेटवर्क से जुड़े हैं। हाल के दिनों में नीरज बवाना गैंग के खिलाफ कई कार्रवाइयां हो चुकी हैं, जिसमें अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा भी शामिल है।
आउटर नॉर्थ पुलिस के अधिकारियों ने बताया, "यह अभियान गैंग्स की फंडिंग और हथियार सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए था। गिरफ्तारियां और बरामदगी से अपराधियों को बड़ा झटका लगा है। आगे की जांच में और खुलासे होने की संभावना है।"