Tihar Jail: तिहाड़ जेल में 44 वर्षीय अब्दुल बसीर अखोंदजादा नाम के अफगानी कैदी ने एक अन्य कैदी दीपक सोनी की छाती पर चाकू मार दिया। घटना के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
Tihar Jail: तिहाड़ जेल में एक 29 वर्षीय कैदी की कथित तौर पर एक अन्य कैदी (अफगान नागरिक) ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या सुबह खाने के मुद्दे पर हुई बहस के कारण ही यह घटना हुई। मृतक की पहचान शकूरपुर निवासी दीपक सोनी के रूप में हुई। दीपक सोनी जेल नंबर तीन में बंद था, वहां वह एक सेवादार के रूप में काम करता था।
घटना शुक्रवार दोपहर 12:40 बजे की है। जेल अधिकारी ने बताया कि 44 वर्षीय अब्दुल बसीर अखोंदजादा नाम के अफगानी कैदी ने दीपक सोनी की छाती पर चाकू मार दिया। घटना के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि हमलावर को पकड़ लिया गया। अफगान नागरिक अब्दुल बसीर को 2019 में लाजपत नगर इलाके में हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद किया गया था। सोनी को 2018 में पश्चिम विहार में डकैती की IPC धारा 392 और हत्या IPC धारा 302 के लिए गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस उपायुक्त (DCP) विचित्र वीर ने कहा कि उन्होंने मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 176 के तहत कार्यवाही के संचालन के लिए एक मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के लिए सूचित किया है। भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया था।