
Delimitation Bill: लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने और सदन की सदस्य संख्या बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके तहत लोकसभा में राज्यों की सीटें मौजूदा संख्या से 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। राज्यों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें निर्धारित करने की योजना है। इस तरह लोकसभा की कुल सदस्य संख्या 850 हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार परिसीमन बिल की कॉपी सांसदों को मिल गई है।
सरकार इस प्रस्ताव को 30 नवंबर से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में आगे बढ़ाना चाहती है। नए प्रावधानों के तहत महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता भी तैयार किया जा रहा है।
प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा में राज्यों की सीटों की संख्या 815 और केंद्रशासित प्रदेशों की सीटों की संख्या 35 हो सकती है। फिलहाल लोकसभा में कुल 543 निर्वाचित सीटें हैं। नई व्यवस्था लागू होने पर कुल संख्या 850 तक पहुंच सकती है।
महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण के तहत 815 राज्य सीटों में से करीब 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव है। यानी बढ़ाई जाने वाली सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित नहीं होंगी, बल्कि आरक्षण कुल सीटों के एक-तिहाई के आधार पर तय होगा।
नए प्रस्ताव का एक अहम पहलू राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखना है। रिपोर्टों के मुताबिक, राज्यों की आपसी हिस्सेदारी का आधार 1971 की जनगणना पर आधारित अनुपात होगा, जिसे 2051 तक बरकरार रखने की योजना है।वहीं, लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण के लिए विधेयक में परिसीमन आयोग को नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर काम करने का प्रावधान दिया गया है। इसका अर्थ है कि राज्यों के बीच सीटों का अनुपात और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का आधार अलग-अलग होगा।
केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाना चाहती है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से 1 दिसंबर तक और राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों से विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेने की अपील की है। दूसरी ओर, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने विधेयक को लेकर सरकार की प्रक्रिया और मंशा पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए मौजूदा 543 सीटों के भीतर भी व्यवस्था की जा सकती है।
सरकार ने इससे पहले 16 से 18 अप्रैल 2026 के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाकर महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश किए थे। सरकार का उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना था।
17 अप्रैल को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर मतदान हुआ। इसमें 528 सांसदों ने हिस्सा लिया। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। संविधान संशोधन पारित कराने के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। उस दिन विधेयक को 352 वोट चाहिए थे, लेकिन इसे 298 वोट ही मिले। इस तरह विधेयक 54 वोट से पीछे रह गया।