Faceless RTO Sevices: पंजाब सरकार ने परिवहन विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए देश की पहली फेसलेस RTO सेवाएं शुरू की हैं, जिससे ड्राइविंग लाइसेंस, RC समेत 56 सेवाएं अब पूरी तरह डिजिटल हो गई हैं।
पंजाब सरकार ने परिवहन विभाग में क्रांति ला दी है। आज (बुधवार) मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की मौजूदगी में 'फेसलेस RTO सेवाएं' लॉन्च कीं। इस मौके पर सीएम मान ने लुधियाना के रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) ऑफिस पर प्रतीकात्मक रूप से ताला जड़ दिया, जो आम जनता को होने वाली परेशानी और भ्रष्टाचार पर 'ताला' लगाने का संकेत था।
यह पहल देश का पहला ऐसा कदम है, जिसमें ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और अन्य 56 प्रमुख सेवाएं पूरी तरह डिजिटल हो गई हैं। अब लोगों को RTO दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सेवाएं घर बैठे हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल करके या राज्यभर के 'सेवा केंद्रों' के माध्यम से उपलब्ध होंगी।
लॉन्च के दौरान सीएम मान ने कहा, "पहले लोग RTO ऑफिसों में लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर घंटों इंतजार करते थे। दस्तावेजों की जांच के लिए कई बार जाना पड़ता था, जिससे खासकर बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूरदराज के इलाकों के लोगों को भारी परेशानी होती थी। अब यह सब खत्म हो गया। हमने परेशानी और भ्रष्टाचार पर ताला लगा दिया है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कदम सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप है।
अरविंद केजरीवाल ने इसे 'डिजिटल क्रांति' करार देते हुए कहा, "पंजाब न केवल देश बल्कि दुनिया में पहला राज्य बन गया है, जहां RTO सेवाएं फेसलेस हो गई हैं। अब लोग भ्रष्टाचार, दलालों और नौकरशाही के गुलाम नहीं रहेंगे। एक फोन कॉल पर सब कुछ हो जाएगा।" उन्होंने बताया कि पहले लोग साइबर कैफे या ऑनलाइन आवेदन के बाद भी RTO जाना मजबूर थे, लेकिन अब सब कुछ घर से ही मैनेज हो सकेगा।
हेल्पलाइन: 1076 पर कॉल करें।
सेवा केंद्र: राज्यभर में स्थापित केंद्रों पर जाकर आवेदन करें।
ट्रांजिशन सपोर्ट: अगले 15 दिनों तक RTO ऑफिसों पर हेल्प डेस्क चलेंगे, जहां स्टाफ नए सिस्टम के बारे में मार्गदर्शन देंगे।
कर्मचारियों का भविष्य: सीएम ने स्पष्ट किया कि RTA के कोई भी कर्मचारी बर्खास्त नहीं होंगे। उनकी सेवाओं का उपयोग अन्य विभागों में उनकी योग्यता के आधार पर किया जाएगा।