राष्ट्रीय

देशभर में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, कहीं जलकर तो कहीं बारिश में गलकर गिरे रावण

Dussehra 2025: हल्की बारिश और मौसम की चुनौतियों के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और रावण दहन कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटी।

2 min read
Oct 02, 2025
देशभर में धूमधाम से मनाया गया दशहरा (Photo-IANS)

Dussehra 2025: देशभर में विजयदशमी (दशहरा) का पर्व इस वर्ष भी पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। जगह-जगह आयोजित हुए रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतला दहन कार्यक्रमों में लाखों की संख्या में लोग शामिल हुए। हल्की बारिश और मौसम की चुनौतियों के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और रावण दहन कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटी। देश की राजधानी दिल्ली, शिमला, पटना, मैसुरु से लेकर कोटा तक दशहरा धूमधाम से मनाया गया।

दिल्ली : रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता ने किया रावण दहन

दिल्ली के पीतमपुरा रामलीला ग्राउंड में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रावण दहन किया। हालांकि, बारिश के चलते राजधानी के कई हिस्सों में पुतला दहन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।

पटना बारिश के बीच राण का दहन

बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार शाम बारिश के बीच रावण दहन हुआ। गांधी मैदान में 80 फीट का रावण, 75 फीट का मेघनाद और 70 फीट का कुंभकर्ण का पुतला तैयार किया गया था।

मैसुरु दशहरा में शामिल हुए सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुकर पुरस्कार विजेता बानु मुश्ताक को दशहरा उद्घाटन के लिए धन्यवाद दिया और मैसूर शहर में ऐतिहासिक दशहरा समारोह के सफल आयोजन के लिए मंत्रियों व अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह उनका बतौर मुख्यमंत्री आठवां मैसुरु दशहरा है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें लगातार यह अवसर मिला है।

लुधियाना में अमरिंदर सिंह ने रिमोट का बटन दबाकर किया रावण दहन

लुधियाना के ऐतिहासिक दरेसी मैदान में भी भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने रिमोट का बटन दबाकर रावण दहन किया। उन्होंने कहा कि यह दिन सत्य की असत्य पर और नेकी की बुराई पर जीत का प्रतीक है, इसलिए यह पर्व ऐतिहासिक महत्व रखता है।

चंडीगढ़ में गुलाब चंद कटारिया बने मुख्य अतिथि

चंडीगढ़ के सेक्टर-46 दशहरा ग्राउंड में भी भव्य आयोजन देखने को मिला। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पुतला दहन के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया।

रायबरेली में 40 फीट ऊंचे रावण का दहन

रायबरेली में भी विजयदशमी पर भव्य आयोजन हुआ। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने राम जी का तिलक और आरती कर कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद 40 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। भारी भीड़ के बीच सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

मुरादाबाद 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन

मुरादाबाद के थाना मझौला क्षेत्र स्थित लाइन पार रामलीला मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पूजा-पाठ कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पुतले को मेरठ के मुस्लिम कारीगरों ने बनाया था। एक लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति के अनुमान के चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

हरिद्वार में 50 हजार लोग हुए मेले में शामिल

हरिद्वार के सेक्टर-4 रामलीला ग्राउंड में रावण दहन के लिए भारी भीड़ उमड़ी। करीब 50 हजार लोग मेले में शामिल हुए, जिनमें सिडकुल और भेल के मजदूर भी थे। पुलिस के लिए सुरक्षा बड़ी चुनौती रही। हर चौक-चौराहे पर पुलिस तैनात रही और रोड डाइवर्जन लागू रहा।

ये भी पढ़ें

विजयादशमी पर JNU में दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन पर बवाल, ABVP ने वामपंथी छात्र संगठनों पर मारपीट का लगाया आरोप

Published on:
02 Oct 2025 10:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर