राष्ट्रीय

DUSU Election 2026: ABVP ने NSUI पर लगाया फर्जी ID से वोटिंग का आरोप, लॉ सेंटर के बाहर भारी हंगामा

Delhi University Election: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान ABVP समर्थकों ने लॉ सेंटर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। DUSU प्रेसिडेंट आर्यन मान और ABVP के नेशनल जनरल सेक्रेटरी वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने NSUI पर फेक ID कार्ड का इस्तेमाल करके वोटिंग करवाने का आरोप लगाया।
2 min read
dusu election 2026
हंगामा करते छात्र (फोटो- IANS)

DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान नॉर्थ कैंपस स्थित लॉ सेंटर के बाहर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) पर फर्जी पहचान पत्रों के जरिए बोगस वोटिंग कराने का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्र नेता पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ गए और NSUI तथा चुनाव प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके चलते लॉ सेंटर-1 (LC-1) का मतदान बाधित हो गया।

नकली आईडी के साथ पकड़ी गई छात्रा : ABVP नेता

DUSU अध्यक्ष और ABVP नेता आर्यन मान ने दावा किया कि लॉ सेंटर-2 एक छात्रा को पोलिंग स्टेशन के अंदर नकली आईडी कार्ड का इस्तेमाल करके वोट डालते हुए पकड़ा गया। पूछताछ करने पर छात्रा ने माना कि लगभग 100 अन्य छात्रों के लिए नकली पहचान पत्र बनाए गए थे, जिन्हें जाली तस्वीरों वाले इन कार्डों का इस्तेमाल करके वोट डालने के लिए भेजा गया था।

आर्यन मान ने कहा कि विद्यार्थी परिषद चारों पदों पर जीत दर्ज करने जा रही है, जिससे घबराकर विरोधी खेमे ने वोट चोरी और फर्जी वोटिंग का सहारा लिया है। उन्होंने कहा कि जब तक लॉ सेंटर-2 में हुए फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती और गड़बड़ी में शामिल उम्मीदवारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक लॉ सेंटर-1 में वोटिंग शुरू नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि परिषद हाई कोर्ट के निर्देशों का सम्मान करती है और नतीजे घोषित होने के बाद कोई विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा।

वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने भी लगाए आरोप

ABVP के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह विरोध फर्जी वोटिंग की कोशिश के खिलाफ किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि एक छात्रा फेक आईडी कार्ड से वोट डाल रही थी और उसने माना कि 100 से ज्यादा लोग इसी तरह अंदर आए थे। सोलंकी ने कहा कि वोटिंग के पहले चरण में विद्यार्थी परिषद को मिले जबरदस्त समर्थन से NSUI में घबराहट है, जिससे वे कैंपस में अराजकता, हिंसा और धोखाधड़ी का सहारा ले रहे हैं।

फर्जी पर्चियां बांटने का आरोप

ABVP के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने फर्जी पर्चियां बांटने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि छात्रों को 'Vote for ABVP' के नारे वाली पर्चियां दी जा रही थीं, जबकि उन पर छपा बैलेट नंबर विरोधी पार्टी के उम्मीदवार का था। उन्होंने बताया कि ABVP के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार का बैलेट नंबर 7 है, लेकिन वोटरों को गुमराह करने के लिए जानबूझकर गलत नंबर छापे गए थे। सोलंकी ने बताया कि पर्चियां बांटने वाले व्यक्ति और फर्जी आईडी का इस्तेमाल करके वोट डालने की कोशिश करने वाली छात्रा, दोनों को पकड़ लिया गया है और पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

ABVP ने मांग की है कि प्रशासन उन सभी असामाजिक तत्वों की पहचान करे जो नकली आईडी का इस्तेमाल करके कैंपस में घुस रहे हैं और भारतीय न्याय संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करे।

Updated on:
18 Sept 2026 06:22 pm
Published on:
18 Sept 2026 06:04 pm