कांग्रेस के 8 सांसदों को आज लोकसभा से बाकी बचे पूरे बजट सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। क्या है पूरा मामला? आइए जानते हैं।
बजट सत्र (Budget Session) के पांचवें दिन आज लोकसभा (Lok Sabha) में ससंद की कार्यवाही के शुरू होते हुए विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। यह हंगामा राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के भाषण के दौरान हुआ, जब वह पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित संस्मरण से भारत-चीन विवाद पर उद्धरण देना चाहते थे, लेकिन स्पीकर ने उन्हें रोक दिया। ऐसे में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और कांग्रेस (Congress) सांसदों ने टेबल पर चढ़कर पेपर फाड़कर स्पीकर की ओर उछाले। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को बुधवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया।
पेपर फाड़ने और उसे उछालने के मामले में कांग्रेस के 8 सांसदों को शेष बचे बजट सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। सांसदों के नाम गुरजीत सिंह औजला, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, मणिक्कम टैगोर, हिबी ईडन, प्रशांत पडोले, एस वेंकटेश्वरन, किरण रेड्डी और जिन कुरियोकोज हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पेपर उछालने वाले सांसदों को बाकी सत्र के लिए सस्पेंड करने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।
कांग्रेस अपने सांसदों के सस्पेंड होने के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। लोकसभा के बाहर कांग्रेस सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है। राहुल के साथ प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं। अपने सांसदों के सस्पेंड होने की कांग्रेस कड़े शब्दों में आलोचना कर रही है और इसे लोकतंत्र की हत्या बता रही है।