तमिलनाडु चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने एक्टर विजय और कमल हासन की पार्टियों को चुनावी चिन्ह आवंटित कर दिए हैं।
तमिलनाडु में इसी साल विधानसभा चुनाव (Tamilnadu Assembly Election) होने वाले हैं। इस चुनाव में डीएमके (DMK) के एम.के. स्टालिन (M.K. Stalin) अपनी सीएम पद की कुर्सी बचाने के लिए मैदान में उतरेंगे, तो बीजेपी (BJP) समेत अन्य पार्टियों का लक्ष्य राज्य में सत्ता परिवर्तन रहेगा। इस बार चुनावी मैदान में दक्षिण के दो लोकप्रिय एक्टर्स भी रहेंगे। हम बात कर रहे हैं विजय (Vijay) और कमल हासन (Kamal Haasan) की। चुनाव की घोषणा से पहले दोनों की पार्टियों को आज चुनावी चिन्ह मिल गया है।
भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अभिनेता विजय की पार्टी तमिझागा वेट्री कझगम (TVK) को 'सीटी' (Whistle) और अभिनेता कमल हासन की पार्टी मक्कल नीधि मयम (MNM) को 'बैटरी टॉर्च' चुनाव चिन्ह आवंटित किए हैं।
चुनाव आयोग का यह फैसला दोनों पार्टियों के लिए अहम है। विजय ने फरवरी 2024 में TVK की स्थापना की थी और इस बार का तमिलनाडु चुनाव उनकी पार्टी के लिए पहला चुनाव होगा। हासन ने फरवरी 2018 में MNM की स्थापना की थी और 2019 लोकसभा चुनाव और 2021 विधानसभा चुनावों में अपने प्रत्याशी उतारे थे। 2024 लोकसभा चुनाव में MNM ने INDIA गठबंधन को समर्थन दिया था। इन चुनावों में भी MNM ने 'बैटरी टॉर्च' चिन्ह का इस्तेमाल कर चुकी है। पार्टी ने इस चिन्ह को फिर से प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था, जो अब मंज़ूर हो गया।