
चुनाव आयोग ने देशभर में चल रहे विशेष गहन संशोधन (SIR) अभियान में लगे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों के लिए बड़ा ऐलान किया है। इलेक्शन कमीशन ने उन्हें 6000 रुपये का इनाम देने का फैसला किया है। इस फैसले से बीएलओ और सुपरवाइजर का हौसला बढ़ने की उम्मीद है।
बता दें कि देश भर में वोटर सूची को अपडेट करने के लिए चल रहे इस खास अभियान में बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म बांट रहे हैं, जानकारी जुटा रहे हैं और गलत नामों को हटाने में मदद कर रहे हैं। बिहार से शुरू होकर अब कई राज्यों में यह काम तेजी से चल रहा है।
कई जगहों पर 90 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। लेकिन ये काम आसान नहीं है। गर्मी, बारिश, दूर-दराज के इलाके और लोगों की व्यस्तता के बीच बीएलओ दिन-रात लगे रहते हैं। चुनाव आयोग ने इन्हीं मेहनतकशों को ध्यान में रखकर यह इनाम देने का फैसला लिया है।
इससे पहले चुनाव आयोग ने बीएलओ की सालाना वेतन डबल कर दिया था। इसके अलावा, ERO और AERO के लिए भी पहली बार सम्मान राशि देने का प्रावधान किया गया। अब SIR के लिए खास तौर पर 6000 रुपये का एकमुश्त इनाम BLO और सुपरवाइजर को मिलेगा।
स्थानीय स्तर पर काम करने वाले ये अधिकारी ज्यादातर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक या अन्य विभागों से जुड़े होते हैं। उनके लिए यह अतिरिक्त राशि काफी मायने रखती है।
SIR अभियान में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है। कई राज्यों में महिला BLO अच्छा काम कर रही हैं। युवा मतदाताओं को जोड़ने और पुराने नाम हटाने में इनकी भूमिका अहम है।
कर्नाटक में फॉर्म बांटने का काम 92 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो चुका है। हरियाणा में समय सीमा नजदीक है। ऑनलाइन भी लोग फॉर्म जमा कर सकते हैं। नये मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 में कुछ अतिरिक्त जानकारी मांगी जा रही है ताकि परिवार की सही लाइनेज बनी रहे।
बता दें कि एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग की तरफ से आए दिन बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। आज आयोग ने आंध्र प्रदेश और हरियाणा के लिए एसआईआर को लेकर नई शेड्यूल जारी कर दी है।