राष्ट्रीय

आचार संहिता लागू होते ही पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग के ताबड़तोड़ एक्शन, DGP और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को हटाया

West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने बड़ा एक्शन लिया है। यहां DGP और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को हटा दिया गया है। उनकी जगह नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
less than 1 minute read
• •
Mar 16, 2026
Gyanesh Kumar news
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Photo - IANS)

West Bengal Elections 2026: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों की विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का चुनाव 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा। आचार संहिता लागू होते ही प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव हो रहे हैं।

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भारतीय निर्वाचन आयोग ने बड़ा फेरबदल किया है। आयोग ने पीयूष पांडे को हटाते हुए सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। इसके अलावा, सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

हिंसा मुक्त चुनाव कराने का आश्वासन

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आश्वासन दिया था कि पश्चिम बंगाल में चुनाव हिंसा-मुक्त और शांतिपूर्ण होंगे। इसके ठीक 24 घंटे के भीतर पश्चिम बंगाल पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल देखने को मिला।

चुनाव आयोग ने सोमवार को कई शीर्ष अधिकारियों के तत्काल तबादले और नियुक्ति का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, 1992 बैच के आईपीएस सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी बनाने के अलावा, नटराजन रमेश बाबू को डीजी (करेक्शनल सर्विसेज), अजय मुकुंद रानाडे को एडिशनल डीजी (लॉ एंड आर्डर) नियुक्त किया गया है।

रविवार रात को गृह सचिव व मुख्य सचिव का भी हुआ तबादला

इससे पहले रविवार रात को आयोग ने पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा के तबादलों का आदेश दिया। आयोग ने यह भी आदेश दिया कि दोनों किसी भी प्रकार के चुनाव संबंधी कार्य में शामिल नहीं होंगे। दुष्यंत नरियाला ने चक्रवर्ती, वहीं संघमित्रा घोष ने मीणा की जगह ली है।

Updated on:
16 Mar 2026 01:42 pm
Published on:
16 Mar 2026 01:42 pm