Lok Sabha Election Exit Poll Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल के नतीजे भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 360 से लेकर 415 तक सीटें मिलने का अनुमान जता रहे हैं।
Lok Sabha Election Exit Poll Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल के नतीजे भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 360 से लेकर 415 तक सीटें मिलने का अनुमान जता रहे हैं। भारत का चुनावी इतिहास देखें तो अब तक ऐसा एक ही बार हुआ है जब किसी राजनीतिक दल ने लोकसभा की 400 से अधिक सीटों पर जीत हासिल की हो। 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या के बाद आनन-फानन में राजीव गांधी को अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया गया। इसी दौरान लोकसभा चुनाव हुए। देशभर में कांग्रेस के प्रति सहानुभूति की लहर थी। नतीजा यह कि भारतीय राजनीति में वह क्षण आया जब कांग्रेस ने 541 में से 415 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया।
1984 में वोट शेयर के मामले में भी नया रिकॉर्ड बना था। सिर्फ कांग्रेस को 48.12% वोट हासिल हुए थे। 1984 के बाद से कोई भी पार्टी न तो 400 सीटों का आंकड़ा छू पाई, न ही 40% से ज्यादा वोट शेयर हासिल कर पाई। भाजपा भी 2014 में 31.34% और 2019 में 37.7% वोट ही हासिल कर पाई थी।
शाहबानो केस से लेकर अयोध्या विवाद व बोफोर्स घोटाले के चलते राजीव गांधी विपक्ष के निशाने पर रहे और 1989 में कांग्रेस के हाथ से सत्ता चली गई। जनता दल की अगुवाई में गठबंधन सरकार सत्ता में आई। इसके बाद कांग्रेस को कभी अपने दम पर बहुमत नहीं मिला। कांग्रेस को 1991 में 244, 2004 में 145 और 2009 में 206 सीटें मिलीं।