राष्ट्रीय

‘चार-पांच बच्चे और भी हो सकते हैं…’ 9 बेटियों के बाद बेटे को जन्म देने वाले पिता का बड़ा बयान

हरियाणा में 9 बेटियों के बाद बेटे को जन्म देने वाले पिता ने मीडिया से बातचीत करते हुए आगे चार-पांच बच्चे और भी होने पर परमात्मा की इच्छा बताई।

2 min read
Jan 21, 2026
9 बेटियों के बाद बेटे को जन्म देने वाले पिता का बड़ा बयान (X)

हरियाणा के जींद जिले के उचाना क्षेत्र में एक परिवार में नौ बेटियों के बाद बेटे के जन्म से खुशी का माहौल है। लंबे इंतजार के बाद बेटे के जन्म पर परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा गांव जश्न में डूबा नजर आया। परिजनों ने नवजात बेटे का नाम ‘दिलखुश’ रखा है और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। परिवार के अनुसार, इससे पहले उनके यहां कुल 10 बेटियां पैदा हुई थीं, जिनमें से एक बेटी का पहले ही निधन हो चुका है। अब दसवीं संतान के रूप में बेटे के जन्म ने पूरे परिवार को भावुक कर दिया है।

“परमात्मा पर था पूरा भरोसा” – पिता सुरेंद्र

नवजात के पिता सुरेंद्र, जो पेशे से दिहाड़ी मजदूर हैं, ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हमें परमात्मा पर पूरा भरोसा था। बेटियों को हमेशा मान-सम्मान दिया है। बच्चे ज्यादा हो गए, लेकिन आज भगवान ने हमारी आस पूरी कर दी।” जब उनसे पूछा गया कि अगर बेटा नहीं होता तो क्या करते, इस पर सुरेंद्र ने कहा कि तब वे परिवार नियोजन (ऑपरेशन) करवा लेते। उन्होंने यह भी जोड़ा कि “आगे चार-पांच बच्चे और भी हो सकते हैं, सब कुछ परमात्मा के हाथ में है।”

सीमित संसाधनों में भी बच्चों की परवरिश

परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर सुरेंद्र ने बताया कि वे मेहनत-मजदूरी करके जैसे-तैसे बच्चों का पालन-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “रुखा-सुखा खाकर भी बच्चों को पाला है और आगे भी पाल लेंगे।”

बेटे के जन्म से दादी की सेहत में सुधार

नवजात की ताई ने महिला की सेहत से जुड़े सवाल पर कहा कि सब कुछ भगवान की मर्जी है। वहीं करीब 70 वर्षीय दादी ने भावुक होकर कहा, “इस बेटे के जन्म से मेरी आधी बीमारी तो अपने आप ठीक हो गई।”

लिंग भेद पर परिवार की राय

लिंग भेद से जुड़े सवाल पर परिवार की एक महिला सदस्य (बुआ) ने कहा, “बेटियां शादी के बाद अपने घर चली जाती हैं, लेकिन बेटा ही घर संभालता है।” हालांकि परिवार का दावा है कि सभी बेटियां भी अपने भाई के जन्म से बेहद खुश हैं। उन्होंने बेटे की लंबी उम्र की कामना करते हुए कहा कि आगे का भविष्य भगवान के भरोसे है।

Published on:
21 Jan 2026 05:33 pm
Also Read
View All

अगली खबर