
असम (Assam) में बाढ़ (Floods) की वजह से लोगों को काफी परेशानीहुई। राज्य में इस प्राकृतिक आपदा की वजह से जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। बाढ़ के दौरान और बाद में आमतौर पर राहत शिविरों में राशन, दवाइयाँ और कपड़े पहुंचते हैं। लेकिन असम के चुमोनी गांव में राहत का कुछ अलग अंदाज़ देखने को मिला। इस गांव में नाई और ब्यूटी एक्सपर्ट हाथों में कैंची, रेज़र और ब्यूटी किट लिए पहुंचे। 'ब्यूटी सर्विस' (Beauty Service) की यह पहल करीब 2,000 से ज़्यादा लोगों को राहत देने के लिए शुरू की गई।
असम के मोरान शहर से 18 ब्यूटी एक्सपर्ट और 24 नाई, यानी कुल 42 लोग चुमोनी गांव पहुंचे। इन सभी ने बिना कोई फीस लिए बाढ़ पीड़ितों की सेवा की और उन्हें फ्री में 'ब्यूटी सर्विस' मुहैया कराई।
चुमोनी गांव के लोग सामान्य तौर पर बाल कटवाने या दूसरी ज़रूरतों के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर नाजिरा या सिमालुगुड़ी शहर जाते हैं। बाढ़ से स्थिति और मुश्किल हो गई थी। इस दौरान महमोरा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी (BJP) विधायक सुरुज देहिंगिया (Suruj Dehingia) ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान लोगों से बातचीत के बाद उन्हें लगा कि लोगों को मानसिक रूप से भी थोड़ा बेहतर महसूस कराने और अंदर से ताज़गी लाने की ज़रूरत है। इसी सोच से उन्होंने गांव में ग्रूमिंग यानी व्यक्तिगत देखभाल के लिए 'ब्यूटी सर्विस' की सुविधा पहुंचाने का फैसला लिया।
शुरुआत में सिर्फ बाल काटने और शेविंग करने वाले नाई ही चुमोनी गांव पहुंचे थे, लेकिन जब महिलाओं ने भी ऐसी सुविधा की ज़रूरत बताई तो 42 ब्यूटी एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। हेयरकट, शेविंग, आइब्रो थ्रेडिंग और ब्यूटी ट्रीटमेंट देने के लिए फ्री में 'ब्यूटी सर्विस' की व्यवस्था कराई गई। यह पहल सिर्फ बाल कटवाने या सुंदरता से जुड़ी सेवाओं तक सीमित नहीं रही। बाढ़ की वजह से लोगों ने काफी परेशानी झेली। ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को इस सुविधा की वजह से कुछ समय के लिए सामान्य ज़िंदगी जैसा महसूस भी हुआ। वहीं अब गांव में फिज़ियोथेरेपिस्ट ले जाने की योजना भी बनाई जा रही है।
असम में बाढ़ की वजह से 103 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीँ 4 जिलों के करीब 87 हज़ार लोग अभी भी बाढ़ की वजह से प्रभावित हैं।