
राहुल गांधी (फोटो - एएनआई)
BJP Attacks Rahul Gandhi Statement PM Narendra Modi: कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी-आरएसएस को लेकर राहुल गांधी की तीखी टिप्पणियों के बाद बीजेपी ने जोरदार पलटवार किया है। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी की भाषा को प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताया। वहीं, कई अन्य बीजेपी नेताओं ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके बयान को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है।
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए संस्कारहीन, अश्लील और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की उम्मीद की जाती है।
बांसुरी स्वराज के मुताबिक, विपक्ष को सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के साथ देश के सामने सकारात्मक विकल्प भी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैश्विक नेतृत्व और आर्थिक दृष्टिकोण है तो दूसरी तरफ राहुल गांधी की मीम, मिमिक्री और अभद्र बयानबाजी है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी की भाषा दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। धामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए इस स्तर की भाषा का इस्तेमाल किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी को भारतीय राजनीति की मर्यादा पर कलंक बताया है।
उन्होंने कहा कि जनता नेताओं के शब्दों के साथ-साथ उनके संस्कार और सोच को भी देखती है। धामी के मुताबिक, इसी वजह से देश की जनता कांग्रेस को लगातार नकारती रही है और आगे भी नकारती रहेगी।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत चलाने के लिए परिपक्व नेतृत्व की जरूरत है नौसिखिया नाटकीयता की नहीं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को जोकर कहना राहुल गांधी की राजनीतिक अपरिपक्वता को दिखाता है। जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनने वाले करोड़ों मतदाताओं का भी इससे अपमान होता है। उन्होंने राहुल गांधी से जनता के जनादेश का सम्मान करने और लोकतांत्रिक फैसले को स्वीकार करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पिता, दादी और परदादा प्रधानमंत्री रहे हैं लेकिन वह जानते हैं कि वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। शेखावत ने राहुल गांधी की टिप्पणी को हताशा से जोड़ते हुए कहा कि उम्र के साथ यह हताशा भी बढ़ रही है। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति पर भी सवाल उठाए।
Updated on:
13 Aug 2026 11:13 pm
Published on:
13 Aug 2026 11:13 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
