कम लोग जानते हैं कि सिंघानिया को उड़ान का भी बेहद शौक था। साल 2005 में उन्होंने हॉट एयर बैलून से 21,000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई तक उड़ान भरकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
Vijaypat Singhania: देश के जाने-माने उद्योगपति रेमंड के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया नहीं रहे। शनिवार शाम मुंबई में उनका निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। इस खबर की पुष्टि उनके बेटे और गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए की। रेमंड ग्रुप की ओर से जारी बयान में बताया गया कि एयर कमोडोर (डॉ.) विजयपत सिंघानिया ने मुंबई में अंतिम सांस ली। परिवार और कंपनी दोनों ही इस क्षति से बेहद दुखी हैं। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रविवार को मुंबई में किया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे रुपारेल मार्ग स्थित हवेली में श्रद्धांजलि सभा रखी जाएगी। इसके बाद शाम 3 बजे चंदनवाड़ी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विजयपत सिंघानिया का नाम भारतीय उद्योग जगत में बहुत सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने 1980 से 2000 तक रेमंड ग्रुप की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में कंपनी ने नई ऊंचाइयों को छुआ और देश की प्रमुख टेक्सटाइल ब्रांड्स में शामिल हो गई। वे सिर्फ एक कारोबारी नहीं थे, बल्कि दूरदर्शी लीडर भी माने जाते थे। उनके फैसलों ने कंपनी को मजबूत पहचान दिलाई।
कम लोग जानते हैं कि सिंघानिया को उड़ान का भी बेहद शौक था। साल 2005 में उन्होंने हॉट एयर बैलून से 21,000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई तक उड़ान भरकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। यह उपलब्धि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली रही। वे कई एयर रेस में भी हिस्सा ले चुके थे और भारत में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने में उनका बड़ा योगदान रहा।
उनके काम और जुनून को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था। इसके अलावा 1994 में उन्हें भारतीय वायुसेना में मानद एयर कमोडोर की उपाधि भी दी गई।