बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को उनके आवास पर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। हमले के बाद उन्हें इलाज के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
Bumber Thakur Shot At Home: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को उनके आवास पर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। बंबर ठाकुर के बेटे ईशान ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे वह नहाने गए थे, इसी दौरान उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी। जब वह बाहर आए, तो ईशान के भाई ने उन्हें बताया कि किसी ने उनके पिता पर गोली चलाई है। इसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अस्पताल जाकर पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर से मुलाकात की। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले पंजाब के भानुपली से बिलासपुर तक रेलवे लाइन बिछाने वाली एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय में बम्बर ठाकुर पर कुछ लोगों ने हमला किया था।
हमले के बाद उन्हें इलाज के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। आईजीएमसी अधिकारियों के अनुसार, उन्हें ऊपरी जांघ में गोली लगी है तथा कोई बाहरी घाव नहीं है। इस घटना में उनके निजी सुरक्षा अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, तीन से चार लोग ठाकुर के घर में घुसे और कई गोलियां चलाईं। गोलीबारी में ठाकुर, उनके पीएसओ और कुछ अन्य लोग घायल हो गए। पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी जान को खतरा नहीं है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ शिमला के आईजीएमसी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल कांग्रेस नेता बंबर ठाकुर से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। कल दोपहर करीब 3 बजे पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को चार लोगों ने गोली मार दी।
ईशान ने खुलासा किया कि उनके पिता ने सरकार को कुछ लोगों द्वारा उनकी हत्या की साजिश रचे जाने की जानकारी दी थी। कुछ नेताओं के नाम भी गिनवाए थे। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मीडिया के माध्यम से मेरे पिता ने सरकार को बताया था कि उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कुछ नेताओं के नाम भी लिए थे।
हमले के बाद हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि प्राथमिकता पूर्व विधायक और अन्य घायल व्यक्तियों की भलाई सुनिश्चित करना है। अग्निहोत्री ने बताया कि हमारी पहली प्राथमिकता बंबर ठाकुर और उनके अंगरक्षक हैं। उनका स्वास्थ्य हमारी मुख्य चिंता है, जबकि जांच पुलिस का मामला है। बताया गया है कि इसमें चार लोग शामिल थे।
पूर्व कांग्रेस विधायक बम्बर ठाकुर को गोली मारे जाने पर बिलासपुर से भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि मैं इस घटना की निंदा करता हूं। जब से राज्य में कांग्रेस की सरकार आई है, तब से यहां कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। हमारी पुलिस, सीआईडी और खुफिया विभाग क्या कर रहे थे? हमारे जिला पुलिस प्रशासन ने करीब एक महीने पहले राइफल के साथ कुछ लोगों को हिरासत में लिया था, फिर भी उन्होंने किसी को गिरफ्तार नहीं किया।
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना को लेकर आज भाजपा बिलासपुर ने पार्टी कार्यालय से 400-500 लोगों का जुलूस निकालकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन बिलासपुर उपयुक्त को दिया। जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश देने की मांग की गई। अन्यथा सोमवार को भाजपा जिला बिलासपुर व्यापार मंडल के साथ मिलकर बिलासपुर बंद करने की अपील करेगी।