
West Bengal Politics: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तीन बड़े नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) जॉइन कर ली है। TMC की पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बारिक और पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक सुखेंदु शेखर रॉय ने आधिकारिक तौर पर BJP जॉइन की है। कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल BJP के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने इन तीनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई और BJP में उनका स्वागत किया।
BJP में शामिल होने के बाद TMC की पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है। इसलिए मैं यहां राज्यसभा सीट की उम्मीद में नहीं आई हूं, बल्कि बंगाल की एक निवर्तमान सांसद के तौर पर आई हूं।
TMC के पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बारिक और सुखेंदु शेखर रॉय आज BJP में शामिल हो गए। राज्य BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह वाकई बहुत खुशी की बात है। इतने बड़े नेता आज भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जता रहे हैं, वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। समिक भट्टाचार्य ने कहा कि इन नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भरोसा जताया है और पार्टी में उनका स्वागत किया।
BJP में शामिल होने के बाद TMC के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि इस सरकार ने घोषणापत्र में शामिल हर एजेंडा पर काम करना शुरू कर दिया है और बहुत तेज़ी और जोश के साथ ऐसा कर रही है। आम जनता इससे खुश है। आगे और भी काम होंगे और इसीलिए हम बहुत उम्मीद और खुशी से भरे हुए हैं।
TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि सब जानते हैं कि सुखेंदु शेखर एक सीनियर नेता हैं, 2011 से पहले कभी MP या MLA नहीं बने। उनका सम्मान करते हुए ममता बनर्जी ने उन्हें राज्यसभा भेजा, आज वे BJP में शामिल हो गए। जब ममता बनर्जी CM थीं, तब वे नहीं गए थे, जनता सब देख रही है।