
हरियाणा (Haryana) के रोहतक (Rohtak) में देर रात गैंगवार (Gangwar) से हड़कंप मच गया। देर रार करीब करीब 12:30 से 1 बजे के बीच रोहतक के खरावड़ गांव स्थित मिलन ढाबे (मिलन होटल) पर अंधाधुंध गोलीबारी हुई। खरावड़ पुलिस चौकी से सिर्फ 50 कदम की दूरी पर यह गैंगवार हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
रोहतक में देर रात हुए गैंगवार में 4 युवकों की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार ढाबे पर खाना खा रहे युवकों पर पांच बदमाशों ने स्विफ्ट कार से आकर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियाँ चलाईं। तीन लोगों ने ढाबे पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथे युवक ने घायल हालत में घटनास्थल से भागने की कोशिश की और इस दौरान हमलावरों ने उसे मौत के घाट उतार दिया गैंगवार के बाद भी हमलावर पूरी तरह से बेखौफ थे। चारों युवकों की जान लेने के बाद पांचों हमलावर कुछ देर तक वहीँ रहे और हवा में अपने हथियार भी लहराए। इसके बाद वो स्विफ्ट कार में बैठकर घटनास्थल से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस हत्याकांड को दो विद्रोही गैंगों हिमांशु भाऊ (भाऊ रिटोलिया) गैंग और बाबा रिटोलिया गैंग के बीच चल रही पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। दोनों गैंगों के बीच 2019 से दुश्मनी चली आ रही है और इस दौरान कई गैंगवार में दोनों गैंगों के कई कई लोग मारे जा चुके हैं। जानकारी के अनुसार हमला हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्यों ने किया था और मृतक बाबा गैंग से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का रहने वाला था। मृतकों के नाम रिंकू, विनीत, गंजू और हिमांशु बताए जा रहे हैं।
रोहतक पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जगह-जगह अपनी टीमें लगा दी हैं। हालांकि अभी तक हमलावरों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। डीएसपी ऋषि कांत ने बताया कि इस मामले में ऍफ़आईआर दर्ज कर ली है और हमलावरों की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है जिससे जल्द ही उनकी की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। डीएसपी ने जल्द ही कोई अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई है और यह भी बताया है कि फिलहाल कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है।