राष्ट्रीय

जलती रही भाई की चिता, वीडियो कॉल पर देखती रही बहन, अंतिम विदाई देने नहीं पहुंचे अपने

पानीपत में 40 वर्षीय गयाप्रसाद की चिता जलती रही और बाराबंकी में बैठी बहन मालती ने वीडियो कॉल पर अंतिम दर्शन किए। जनसेवा दल ने किया अंतिम संस्कार।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 6:50 AM IST
nighaban
चिता। फाइल फोटो- पत्रिका

रिश्तों की डोर कितनी कमजोर हो सकती है, इसकी एक तस्वीर हरियाणा के पानीपत में सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार यहां 40 वर्षीय गयाप्रसाद की चिता जल रही थी और यूपी के बाराबंकी से उसकी बहन मालती मोबाइल पर 'अंतिम दर्शन' कर रही थी। भाई की मौत की खबर सुनने के बाद भी वह पानीपत नहीं आई। आखिरकार पराये शहर में कुछ अनजान लोगों ने अपने बनकर गयाप्रसाद का अंतिम संस्कार किया। चिता की आग बुझ गई, लेकिन पीछे रिश्तों की ठंडक और अकेलेपन की एक टीस छोड़ गई।

अकेलेपन में जिंदगी गुजरी

यूपी के बाराबंकी जिले के जफरपुर निवासी गयाप्रसाद करीब 15 साल पहले पत्नी और तीन बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में पानीपत आया था। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। कुछ साल पहले पति-पत्नी के में विवाद हुआ और पत्नी तीनों बच्चों सहित चली गई। शनिवार को हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई।

आखिरी विदाई देने नहीं आई बहन

पुलिस ने शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जनसेवा दल ने परिजनों की तलाश की तो बाराबंकी में रहने वाली बहन मालती से संपर्क हुआ। मालती ने बताया कि उसका पति खेतों में मजदूरी करता है और दोनों के लिए काम छोड़कर आना मुश्किल है। उसने संस्था से ही अंतिम संस्कार करने की बात कही।

पीएफ के लिए मांगा नंबर

जनसेवा दल के प्रधान चमन लाल गुलाटी ने वीडियो कॉल पर मालती और उसकी बेटी को भाई का अंतिम संस्कार दिखाया। इस दौरान गुलाटी ने कहा कि आपकी आंखों में आंसू नहीं है तो दोनों रोने लगीं। बातचीत में भाई के बैंक खाते और पीएफ की रकम का जिक्र आया तो मालती ने फैक्ट्री मालिक का नंबर मांगा।

तब बेटियों ने दूर से देखा दाह-संस्कार

कुछ महीने पहले सोनीपत के एक वृद्धाश्रम में तीन बेटियों के पिता 72 वर्षीय शिवचरण रतन गुप्ता की मौत के बाद भी ऐसी ही तस्वीर सामने आई थी। मुंबई में कपड़े का कारोबार कर चुके शिवचरण पत्नी की मौत के बाद वृद्धाश्रम में रहने लगे। आखिरकार उनकी मौत हो गई और नेपाल, मुंबई व यूपी में रह रही बेटियों ने आने से मना करते हुए वीडियो कॉल पर पिता का अंतिम संस्कार देखा। एक बेटी ने 5,100 रुपए भी भेजे, लेकिन वृद्धाश्रम प्रबंधन रकम लौटा दी। बाद में अस्थियां गंगा में विसर्जित की गईं।

Updated on:
17 Nov 2026, 6:50 AM IST
Published on: