16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राहुल गांधी को किरेन रिजिजू की 7 सलाह, बोले- खुद का मजाक बनवाया, देश को भी शर्मिंदा कराया

हैदराबाद में भारत समिट को लेकर जारी विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी को 7 सलाह देते हुए कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र, संसद की कार्यवाही और बीजेपी-RSS के प्रति रवैये में बदलाव की बात कही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Ashib Khan

•

Updated: 16 Nov 2026, 6:35 PM IST

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को दी 7 सलाह (Photo-IANS)

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi: हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के भारत समिट को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। अब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। साथ ही राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री ने सात सलाह भी दी है। किरेन रिजिजू ने एक्स पर पोस्ट करते राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा-खुद का मजाक बनवाया, देश को भी शर्मिंदा कराया।

इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को सलाह भी दी। किरेन रिजिजू ने कहा कि अगर वह कुछ कदम उठाते हैं तो कांग्रेस लोगों का भरोसा फिर से जीत सकती है।

रिजिजू ने राहुल गांधी को दी ये 7 सलाह

1- भारत में अधिक समय बिताएं: राहुल गांधी को बार-बार विदेश जाने के बजाय भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और कथित गोपनीय विदेशी यात्राओं से बचना चाहिए।

2- वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करें: रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना चाहिए और बुजुर्गों के अनुभव से सीख लेनी चाहिए। यह भारतीय परंपरा का भी हिस्सा है।

3- देशविरोधी लोगों से दूरी बनाएं: उन्होंने राहुल गांधी को ऐसे लोगों से मुलाकात नहीं करने और उनके एजेंडे को बढ़ावा देने से बचने की सलाह दी, जिन्हें उन्होंने भारत विरोधी बताया।

4- BJP और RSS से नफरत खत्म करें: रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को बीजेपी, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी कथित नफरत खत्म करनी चाहिए। बीजेपी को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखना चाहिए, दुश्मन के रूप में नहीं।

5- संसद को गंभीरता से लें: उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद की कार्यवाही को अधिक गंभीरता से लेना चाहिए और कांग्रेस सांसदों को सदन में बहस एवं चर्चा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

6- संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें: रिजिजू ने संविधान के प्रति सम्मान जताने और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की भी सलाह दी।

7- वंशवाद की राजनीति खत्म करें: उन्होंने कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने और पार्टी को लोकतांत्रिक तरीके से चलाने की बात कही। साथ ही वंशवाद की राजनीति खत्म करने की सलाह दी।

भारत समिट को लेकर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने

बता दें कि भारत समिट को लेकर कांग्रेस और बीजेपी एक दूसरे पर आरोप लगा रही है। बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस समिट के जरिए कथित भारत-विरोधी विचार रखने वाले लोगों को अंतर्राष्ट्रीय मंच दे रही है। उन्होंने राहुल गांधी और तेलंगाना सरकार से जवाब मांगा।

वहीं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह सम्मेलन प्रगतिशील विचारों, लोकतंत्र और वैश्विक मुद्दों पर संवाद का मंच है। इसके अलावा कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दावा किया कि 315 स्वीकृत वक्ताओं में से 115 को भारत आने से रोका गया या उनके वीजा रद्द किए गए। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।