
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से ही बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड के नेताओं के बीच सियासी बयानबाजी जारी है। इसी बीच मणिपुर में आज JDU छोड़ने वाले पांच विधायक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए हैं, जिसके बाद से बिहार की राजनीति और गर्म हो गई है। वहीं मुख्यमंत्री नीतिश कुमार की ओर से कहा गया था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 50 सीट में समेटा जा सकता है, जिस पर केंद्रीय मंत्री व बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार पर जमके निशाना साधा है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार 15-20 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। साल 2010 में उनकी पार्टी की जीत 85 सीट पर हुई थी, लेकिन आज वह 43 सीट पर सिमट कर रह गए हैं। इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज तक उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) अपने दम पर चुनाव नहीं लड़ी और बात कर रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने की।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट करते हुए वह न्यूज शेयर किया, जिसमें नीतीश कुमार कल दिए गए बयान पर सफाई देते हुए कहा कि मैं सिर्फ इतना कह रहा हूं कि अगर सभी विपक्षी दल एकजुट होकर 2024 लोकसभा चुनाव लड़ेंगे तो हमें बड़ी सफलता मिलेगी। मैं किसी संख्या के बारे में बात नहीं कर रहा हूं। इस पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश बाबू पहले 2 साल में पलटते थे, अब रोज पलटने लगे है।
मणिपुर में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के 5 विधायक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए हैं। इन विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी के ऑफिस में सदस्यता ली। पांचो विधायकों ने एक दिन पहले ही JDU से इस्तीफा दिया था।
यह भी पढ़ें: 5-7 सितंबर तक दिल्ली में विपक्षी नेताओं से मिलेंगे नीतीश कुमार, मणिपुर प्रकरण पर बोले- 2024 में पता चलेगा