राष्ट्रीय

LPG उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी! 20,400 टन एलपीजी लेकर मंगलवार को भारत पहुंचेगा एक जहाज

Strait Of Hormuz: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने राहत कार्य तेज किए हैं। एलपीजी जहाज ‘जग विक्रम’ सुरक्षित कांडला पहुंचेगा, जबकि 2,177 भारतीय नाविकों को अब तक वापस लाया जा चुका है। सरकार और भारतीय मिशन 24 घंटे मदद और निगरानी में जुटे हैं।

2 min read
Apr 13, 2026
LPG Crisis(AI Image-ChatGpt)

LPG उपभोक्ताओं के लिए सुखद खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी जहाज ‘जग विक्रम’ सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है और अब 14 अप्रैल को कांडला बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। इस जहाज का सुरक्षित गुजरना इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि हाल के दिनों में इस क्षेत्र को लेकर चिंता बढ़ी हुई थी।

जानें डिटेल्स


वहीं सरकार द्वारा चलाए जा रहे मुहीम से भी राहत भरी खबर है। सरकार के मुताबिक, अब तक 2,177 भारतीय नाविकों को सुरक्षित देश वापस लाया जा चुका है। इनमें से 93 लोग सिर्फ पिछले 24 घंटों में अलग-अलग इलाकों से लौटे हैं। यह आंकड़ा दिखाता है कि राहत और बचाव का काम लगातार तेजी से जारी है। विदेश मंत्रालय और विदेशों में मौजूद भारतीय मिशन चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। जरूरतमंद लोगों के लिए हेल्पलाइन भी चालू है, जिससे नाविकों और उनके परिवारों को मदद मिल रही है। अधिकारियों का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक फिलहाल सुरक्षित हैं। डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम पर भी काफी दबाव रहा है। अब तक 6,000 से ज्यादा फोन कॉल और करीब 13,000 ईमेल्स का जवाब दिया जा चुका है। सिर्फ पिछले एक दिन में ही 20 कॉल और 80 ईमेल आए, जिन पर तुरंत कार्रवाई की गई।

लगातार स्थिति पर सरकार की नजर


जहां तक बंदरगाहों की बात है, तो देशभर में कामकाज सामान्य तरीके से चल रहा है। कहीं भी जाम या देरी की स्थिति नहीं बनी है। पश्चिमी तट के बंदरगाहों पर वेस्ट एशिया से हजारों कंटेनर पहुंचे, जिनमें ज्यादातर को समय पर निपटा दिया गया है। कुछ कंटेनर तकनीकी कारणों से रुके जरूर हैं, लेकिन इससे किसी तरह की बड़ी परेशानी नहीं हुई। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय भी खाड़ी और पश्चिम एशिया में भारतीय समुदाय के संपर्क में है और उन्हें जरूरी सलाह और मदद दे रहा है। सरकार का कहना है कि पूरे मामले पर करीबी नजर रखी जा रही है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ तालमेल बनाकर काम किया जा रहा है ताकि किसी भी भारतीय को परेशानी न हो। जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाने के लिए सभी व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।

Also Read
View All