
Air India: अहमदाबाद में एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान (फ्लाइट AI171) के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया के पूरे बोइंग 787 बेड़े की गहन सुरक्षा जांच का आदेश दिया था। डीजीसीए ने अपने बयान में कहा कि कुल 24 बोइंग 787 विमानों का आवश्यक सुरक्षा निरीक्षण किया गया। सभी विमान मौजूदा विमानन सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए। यह खबर यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
वहीं मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के 162 मृतकों की पहचान हो गई है और 120 शव परिजनों को सौंप दिए है। बता दें कि मंगलवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। हालांकि इससे पहले सोमवार को गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी ने बताया था कि 125 के डीएनए का सफलतापूर्वक मिलान किया गया है और 124 मृतकों के परिवारों से संपर्क किया गया है। उन्होंने गांधीनगर में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) का दौरा किया, जहां पहचान प्रक्रिया चल रही हैं।
डीजीसीए ने मंगलवार को कहा कि एयर इंडिया ने अहमदाबाद में हुए घातक विमान हादसे के बाद से बोइंग 787 से संचालित होने वाली 66 उड़ानें रद्द कर दी हैं। इस हादसे में इसी मॉडल का एक विमान शामिल था।
डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े पर हाल ही में की गई निगरानी में किसी भी बड़ी सुरक्षा चिंता का पता नहीं चला। डीजीसीए ने कहा कि विमान और संबंधित रखरखाव प्रणालियां मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गईं।
बता दें कि अधिकांश उड़ानें अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद बढ़ी हुई जांच के कारण रद्द की गईं।