राष्ट्रीय

भरूच केमिकल फैक्ट्री में धमाका, भीषण आग से 10 से ज्यादा मजदूर झुलसे

Gujarat Factory Accident: गुजरात के भरूच में स्थित केमिकल प्लांट में भीषण धमाके के बाद आग लगने से 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

less than 1 minute read
भरूच केमिकल फैक्ट्री में धमाका (X)

Bharuch Chemical Factory Fire: गुजरात के भरूच जिले के औद्योगिक क्षेत्र झगड़िया GIDC में स्थित मेट्रोपॉलिटन एक्सीकेम के प्लांट में अचानक हुए भीषण धमाके के बाद आग लग गई। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गांवों तक सुनाई दी आवाज

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी। हादसे के समय प्लांट में कई मजदूर काम कर रहे थे। धमाके के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल

इस दर्दनाक घटना में 10 से अधिक मजदूर आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए जयाबेन मोदी अस्पताल, अंकलेश्वर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंची कई दमकल गाड़ियां

केमिकल फैक्ट्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही झगड़िया, अंकलेश्वर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी फोम और पानी की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।

राहत और बचाव कार्य जारी

फिलहाल आग बुझाने और किसी भी फंसे हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हादसे की वजह का अभी तक खुलासा नहीं

अभी तक आग लगने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती आशंका के मुताबिक गैस रिसाव या शॉर्ट सर्किट के कारण यह धमाका हुआ हो सकता है। पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम जल्द ही विस्तृत जांच शुरू करेगी।

Updated on:
23 Apr 2026 05:04 pm
Published on:
23 Apr 2026 05:03 pm
Also Read
View All