राष्ट्रीय

गुवाहाटी में पांच लोगों की हत्या का आरोपी घनकांत गोगोई पुलिस फायरिंग में ढेर

Ghankanta Gogoi encounter: गुवाहाटी में पांच लोगों की हत्या का आरोपी घनकांत गोगोई शिवसागर में पुलिस फायरिंग में मारा गया। SSP पापोरी चेतिया ने बताया, पिस्तौल छीनने की कोशिश की थी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 7:53 AM IST
क्राइम सीन, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
क्राइम सीन, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Ghankanta Gogoi encounter: गुवाहाटी के एक होटल में पांच लोगों की हत्या करने वाले आरोपी घनकांत गोगोई की पुलिस एनकाउंटर में गोली लगने से मौत हो गई। SSP पापोरी चेतिया ने बताया कि आरोपी घनकांत को शिवसागर थाना केस संख्या 108/26 के सिलसिले में गुवाहाटी से शिवसागर लाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिस अधिकारी की सर्विस पिस्तौल छीनने की कोशिश की थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की गोली लगने से मौत हो गई।

फुलपानीचिगा में शौच के लिए गाड़ी से उतरने की इजाजत मांगी थी

SSP पापोरी चेतिया ने कहा कि आरोपी ने फुलपानीचिगा में शौच के लिए गाड़ी से उतरने की इजाजत मांगी थी। इसी दौरान वह सब-इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा की सर्विस पिस्तौल छीनने की कोशिश करने लगा। देबाशीष शर्मा के साथ हाथापाई के दौरान दो से तीन राउंड फायर हुए, जिनमें से दो गोलियां पुलिस की गाड़ी में लगीं। इसी दौरान टीम में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने अपनी सर्विस वेपन से जवाबी फायरिंग की। इस हमले में आरोपी घनकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते वक्त आरोपी की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। SSP ने आगे बताया कि सब-इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा के दाएं पैर में चोट आई है। उनकी हालत स्थिर है।

26 अक्टूबर की वारदात

26 अक्टूबर की रात को गुवाहाटी के पल्टन बाजार थाने को रात करीब 9 बजे कई गोलियां चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीमें तुरंत होटल पहुंचीं, जहां रिसेप्शन एरिया में चार लोग मृत मिले, जबकि दो अन्य लोग पहुंच मार्ग पर घायल पड़े थे। घायलों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) ले जाया गया, जहां इनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया। एक व्यक्ति का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Updated on:
4 Nov 2026, 7:53 AM IST
Published on: