
भारतीय दिग्गज मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) के चेयरमैन पवन मुंजाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। गुरुवार यानी 5 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी का के आरोप में इनके खिलाफ कार्रवाई की है। कंपनी के चेयरमैन पवन मुंजाल पर 5.94 करोड़ रुपये के फर्जी बिल बनाकर 55.5 लाख रुपये का टैक्स माफ कराने का आरोप लगा है। दिल्ली पुलिस ने पवन मुंजाल के अलावा विक्रम सीताराम कस्बेकर, हरि प्रकाश गुप्ता, मंजुला बनर्जी के नाम शामिल हैं। बता दें कि इन लोगों पर ब्रेन्स लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर दर्शन पांडे की तरफ से की गई शिकायत और कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है।
Hero MotoCorp ने जारी किया बयान
चेयरमैन पर मामला दर्ज होने के बाद सोमवार को हीरो मोटोकॉर्प ने एक बयान जारी किया। कंपनी ने बयान में कहा, ‘यह सूचित किया जाता है कि यह साल 2009-10 से असंतुष्ट सेवा प्रदाता, ब्रेन्स लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड (प्रमोटर - रूप दर्शन पांडे) से संबंधित एक पुराना मामला है।" बयान में आगे कहा गया, “यह भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि शिकायतकर्ता ने शिकायत में कंपनी के अधिकारियों का उल्लेख किया है, हालांकि, एफआईआर में किसी भी अधिकारी का नाम नहीं लिया गया है। 2013 में, हीरो मोटोकॉर्प ने भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और कोर्ट में मामला चल रहा है।"
शेयर में आई भारी गिरावट
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हीरो मोटोकॉर्प ने कंपनी को मैनपावर सप्लाई करने वाली कंपनी के नाम पर फर्जी बिल बनाए थे। बता दें कि चेयरमैन पवन मुंजाल पर मामला दर्ज होने के बाद हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दोपहर बाद 2.30 बजे कंपनी का शेयर 2952.15 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 59,065.28 करोड़ रुपये सिमट गया है । इसका 52 सप्ताह में उच्चतम स्तर 3,242.85 रुपये और न्यूनतम स्तर 2,246.75 रुपये है।