
CNG Latest Price: पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। इसी क्रम में दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर सीएनजी महंगी हो गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड की ओर से सीएनजी की कीमतों में 3.89 रुपए प्रति किलो का इजाफा किया गया है। अब दिल्ली में 1 किलो CNG के लिए 86.98 रुपए चुकाने होंगे। नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी का नया रेट 95.59 रुपए प्रति किलो हो गया है। नई दरें आज शुक्रवार (29 अगस्त) से लागू हो गई हैं।
मेरठ में सीएनजी अब 95.47 रुपए प्रति किलो में उपलब्ध है। गुड़गांव या गुरुग्राम में 92.01 रुपए प्रति किलो में मिल रहा है। हरियाणा के ही रेवाड़ी में 91.59 रुपए प्रति किलो में उपलब्ध है।
क्यों हुई बढ़ोतरी?
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके चलते वैश्विक स्पॉट LNG की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं। वहीं, सर्दियों के मौसम से पहले यूरोप में बढ़ती मांग ने भी गैस की कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद कंपनी ने भारतीय उपभोक्ताओं को इसके बड़े प्रभाव से काफी हद तक बचाने की कोशिश की है। इसके कारण दिल्ली में CNG की खुदरा कीमतें अब भी गैस आयात करने वाले अन्य देशों की तुलना में दुनिया की सबसे कम कीमतों में बनी हुई हैं।
IGL ने कहा कि रणनीतिक तरीके से गैस की खरीद और कीमतों में नियंत्रित बदलाव के जरिए घरेलू बाजार ने वैश्विक ऊर्जा संकट के पूरे असर से दैनिक यात्रियों, सार्वजनिक परिवहन संचालकों और कीमत के प्रति संवेदनशील वाहन मालिकों को काफी हद तक बचाया है।
कंपनी ने कहा कि वह CNG को किफायती, स्वच्छ और भरोसेमंद ईंधन बनाए रखने के लिए गैस की खरीद लागत को अनुकूलित करने पर लगातार काम कर रही है। CNG का इस्तेमाल ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, निजी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में बड़े पैमाने पर किया जाता है।
दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में इस साल पांचवी बार कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। मई के बाद पहली बार सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। मई में सीएनजी के दाम 6 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए थे।