राष्ट्रीय

IIT बॉम्बे के छात्र की संदिग्ध मौत, संस्था ने बताया दुर्घटना जबकि अन्य छात्र ने किया आत्महत्या का दावा

आईआईटी बॉम्बे के एक फोर्थ ईयर के छात्र रोहित सिन्हा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। संस्था ने इसे एक दुर्घटना बताया है जबकि एक अन्य छात्र का कहना है कि उसने रोहित को कूदते हुए देखा था।
2 min read
Aug 02, 2025
आईआईटी बॉम्बे
आईआईटी बॉम्बे ( फोटो - एएनआई )

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के एक 26 वर्षीय छात्र की हॉस्टल की छत पर गिरने से शुक्रवार देर रात मौत हो गई है। छात्र की पहचान रोहित सिन्हा के रूप में हुई है और वह मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला था। रोहित फोर्थ ईयर में था और मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग और मैटेरियल साइंस की पढ़ाई कर रहा था। वह रात करीब 1 से 2.30 बजे के बीच संस्था के हॉस्टल नंबर 17 की छत से गिर गया था। हालांकि उसने आत्महत्या की या फिर यह एक दुर्घटना थी इसका अभी पता नहीं चल पाया है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में रोहित की मौत को आत्महत्या बताया है जबकि अन्य में इसे दुर्घटना बताया गया है।

संस्था ने कहा घटना के समय नशे में था रोहित

छत से गिरने पर रोहित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कैंपस प्रबंधन के अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय रोहित नशे की हालत में था। वहीं हॉस्टल में रहने वाले एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी छात्र का कहना है कि वह रात को छत पर फोन पर बात कर रहा था और उसी दौरान उसने रोहित को छत से कूदते हुए देखा था। शहर की पवाई पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है, जिसका मतलब है कि शुरुआती जांच में रोहित की मौत को एक दुर्घटना माना जा रहा है।

पोस्टमॉर्टम से होगा मौत की असली वजह का खुलासा

पुलिस ने बताया कि उन्हें संस्था द्वारा ही इस घटना की जानकारी दी गई थी। साथ ही रोहित के माता पिता को भी इसके बारे में सूचित कर दिया गया है। संस्था ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर रोहित की मौत की खबर साझा करते हुए इसे एक दुर्घटना बताया है। उन्होंने लिखा, अत्यंत दुःख के साथ आपको सूचित किया जाता है कि हमारे अंतिम वर्ष के छात्र श्री रोहित सिन्हा (22) का कल देर रात हुई एक दुखद घटना में असामयिक निधन हो गया। वहीं पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, रोहित के पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। रोहित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा।

Updated on:
02 Aug 2025 01:15 pm
Published on:
02 Aug 2025 01:15 pm