IMD weather forecast January: मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जगहों पर शीतलहर से भीषण शीतलहर की स्थिति बन सकती है।
IMD cold wave warning: उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण ठंड का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR), हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए अगले कुछ दिनों तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जगहों पर शीतलहर से भीषण शीतलहर की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, सौराष्ट्र-कच्छ और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है।
IMD के अनुसार मंगलवार को भी हिमाचल प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ठंड का प्रकोप जारी रह सकता है। IMD के मुताबिक, झारखंड में शीतलहर की स्थिति गुरुवार तक बनी रह सकती है।
बता दें कि इस समय मैदानी इलाकों का तापमान पहाड़ी इलाकों से भी नीचे चला गया है। IMD ने बताया कि सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 से 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला और कुल्लू जैसे जिलों के लिए फिलहाल सप्ताह के बाकी दिनों में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, जबकि दिल्ली में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
IMD ने बारिश या बर्फबारी की कोई बड़ी संभावना नहीं जताई है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड में भी घना कोहरा पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर और भीषण शीतलहर का असर स्वास्थ्य, कृषि, परिवहन और बिजली आपूर्ति सहित कई क्षेत्रों पर पड़ सकता है।