राष्ट्रीय

देश में नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव: उत्तर से दक्षिण तक बारिश का दौर, विदर्भ-तेलंगाना में लू का IMD अलर्ट

Weather Update: IMD ने 18 से 20 जून तक बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और केरल समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं विदर्भ और तेलंगाना में लू चलने की संभावना जताई गई है। जानें ताजा मौसम पूर्वानुमान।

2 min read
Jun 17, 2026
India Weather Update
IMD Rain Alert (File Photo: IANS)

IMD Alert: नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी। आगामी दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। दूसरी ओर, विदर्भ और तेलंगाना में लू (हीट वेव) चलने के आसार हैं। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18, 19 और 20 जून के लिए कई राज्यों में मानसूनी गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया है।

उत्तर-पश्चिम भारत: बारिश और आंधी-तूफान की संभावना

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 20 जून के दौरान उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं, 18-19 जून को हिमाचल प्रदेश तथा 19-20 जून को उत्तराखंड में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा, 18-19 जून को पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है।

मध्य भारत: कई इलाकों में बारिश के आसार

IMD के मुताबिक, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18 से 20 जून के दौरान कहीं-कहीं से लेकर कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 20 जून को पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 18-19 जून को पश्चिमी मध्य प्रदेश में आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वी भारत: कहीं-कहीं भारी बारिश

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 से 20 जून के दौरान बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, झारखंड में 18 जून, बिहार में 20 जून तथा ओडिशा में 18 से 20 जून के दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक, बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार में 18 से 20 जून के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस अवधि के दौरान कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत: कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

IMD के मुताबिक, 18 से 20 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

पश्चिमी भारत: हल्की से मध्यम वर्षा के आसार

IMD के अनुसार, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों में 18 से 20 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इस अवधि में गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत: व्यापक वर्षा का पूर्वानुमान

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 18 से 20 जून के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इस अवधि में तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

Updated on:
17 Jun 2026 11:29 am
Published on:
17 Jun 2026 11:26 am