
International Yoga Day news : 21 जून को योग दिवस है। इस दिन जगह-जगह योग शिविर लगाए जाएंगे और करोड़ों लोग योग अभ्यास करेंगे। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगाह किया है कि आंधी-पानी योग कार्यक्रम में खलल डाल सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट किया है कि 21 जून को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में मॉनसून सक्रिय हो गया है और पश्चिम व उत्तर भारत में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। ऐसे में शुक्रवार को मौसम का मिजाज कई राज्यों में बिगड़ा हुआ रहेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि 21 जून को असम और मेघालय, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी वर्षा (Very Heavy Rainfall) की संभावना है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोकण व गोवा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब और सिक्किम-पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है।
देश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ तूफानी मौसम का असर रहेगा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
IMD ने कहा है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र में तेज लहरें उठ सकती हैं। वहां 45 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को अगले दो दिन तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों जैसे आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में गर्मी और उमस बनी रहेगी, जिससे लोग परेशान हो सकते हैं।
IMD ‘रेड’ अलर्ट का मतलब है- तुरंत एक्शन लें। यानी प्रशासन और आम जनता को सावधान रहना होगा ताकि किसी तरह के जानमाल के नुकसान से बचा जा सके।
1- जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें।
2- ट्रैफिक अलर्ट पर नजर रखें।
3-फसलों में पानी जमा होने का खतरा है, इसलिए पानी निकल जाए इसकी उचित व्यवस्था करें।
4-कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखें।
5-मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें।