
Rahul Gandhi hoardings: आज इंडिया गठबंधन की बैठक है। इससे पहले दिल्ली में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए होर्डिंग व बैनर लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स पर विपक्षी नेताओं को लक्षित करते हुए संदेश लिखे हैं। होर्डिंग में लिखा है, जब विपक्षी दल चुनाव जीतते हैं तो चुनाव आयोग सही से काम करता है, हारते ही वह आरोप लगाने लगते हैं। केरल में जीते तो कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन जीत में मददगार साबित हुआ, लेकिन हार में कहते हैं कि साल 2024 के आम चुनाव में छल किया गया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह विदेशी धरती पर मौज मस्ती में चूर थे। 59 दिन बिहार कैंपेंन से दूर रहे। लेकिन जब जनता ने नतीजा सुनाया तो चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगे।
उधर, इंडिया गठबंधन के नेता SIR प्रक्रिया से जुड़े फैसलों पर उठे विवाद को लेकर अपनी रणनीति तय करने के लिए बैठक करेंगे। विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि सपा इंडिया अलांयस की बैठक में हिस्सा लेगी। या तो पार्टी प्रमुख खुद आएंगे या महासचिव को भेजेंगे। हम भाजपा के खिलाफ और संविधान के पक्ष में पीडीए की लड़ाई लड़ रहे हैं।
आज होने वाली इस बैठक में इंडिया गठबंधन के कई दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मौजूद रहने की उम्मीद है। टीएमसी की ओर से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आने की उम्मीद है।
राजद नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन के वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़ने की उम्मीद है, वहीं शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी वर्चुअल तरीके से शामिल हो सकते हैं। बैठक में एनसीपी (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले, माकपा नेता एमए बेबी, भाकपा नेता डी राजा और भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के भी हिस्सा लेने की संभावना है।
कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने, SIR को सस्पेंड करने और मतदाता सूजी से हटाए गए 13.30 करोड़ नामों को बहाल करने की मांग भी की।