राष्ट्रीय

निर्माण मशीनों के आयात पर निर्भरता घटाएगी सरकार की नई योजना, घरेलू कंपनियों को मिलेगी 11,000 करोड़ की मदद

केंद्र सरकार ने निर्माण एवं अवसंरचना उपकरण उद्योग को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की है। जानिए कैसे टनल बोरिंग मशीन, क्रेन और एक्स्केवेटर के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और चीन पर निर्भरता घटेगी।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 3:00 AM IST
Construction Equipment Industry
AI Image-(ChatGpt)

Construction Equipment Scheme India: निर्माण और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में काम आने वाली टनल बोरिंग मशीन, एक्स्केवेटर, क्रेन, पाइलिंग रिग्स व लोडर जैसी बड़ी मशीनों के मामले में आयात पर निर्भरता कम करने और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार 11000 करोड़ रुपए की मदद की नई योजना लाई है। इस राशि से देश में ऐसी मशीनें बनाने वाली कंपनियों को आर्थिक मदद दी जाएगी। ईको-सिस्टम तैयारी के तहत टेस्टिंग सुविधा बनाने के लिए ऑटोमेटिव रिसर्च एसोसिएशन को 375 करोड़ रुपए का अनुदान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में निर्माण एवं अवसंरचना उपकरण (सीआइई) इकोसिस्टम योजना को मंजूरी दी गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी सरकार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट ने सीआइई योजना समेत 19934 करोड़ रुपए की लागत वाले पांच कामों को मंजूरी दी। उन्होंने बताया कि चीन व अमरीका के बाद दुनिया में भारत सीआइई उद्योग में तीसरे नंबर पर है। देश में इसका बाजार 2025 में 97500 करोड़ रुपए था जिसमें 45% आयात निर्भरता है। कैबिनेट द्वारा मंजूर योजना से देश को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

चीन पर निर्भरता खत्म करने का कदम

सूत्रों के अनुसार टनल बोरिंग मशीन व अन्य उपकरणों में भारत चीन पर निर्भर है। उसकी सख्ती से देश में टनल और बांध-पुल निर्माण जैसी बड़ी योजनाएं प्रभावित होती हैं। चीन पर निर्भरता खत्म करने के दीर्घकालीन उपायों के तहत सरकार यह योजना लाई है। पत्रिका ने इसकी विशेष खबर प्रकाशित कर यह मुद्दा उठाया था।

सिल्चर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट ने असम के सिल्चर जिले के डोलू में 2014 करोड़ रुपए की लागत से नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने को भी मंजूरी दी है। अभी वहां वायुसेना के हवाई अड्डे का सिविल उपयोग होता है लेकिन उसके विस्तार की गुंजाइश नहीं है। नया एयरपोर्ट बनने से बराक वैली और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पर्यटन व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

यह भी फैसले

  • डाकघरों के आधुनिकीकरण पर 1,141 करोड़ रुपए: कैबिनेट ने डाक विभाग के आधुनिकीकरण के लिए 1141 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी। इससे विभाग के नेटवर्क को आधुनिक बनाने के साथ-साथ डाक और पार्सल सहित अन्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा। डाक विभाग में एस्टेट मैनेजमेंट के लिए अलग से 1491 करोड़ रुपए की योजना मंजूर की गई।
  • तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल विकसित करने के लिए 4,288 करोड़ रुपए की मंजूरी।
Published on: