मौसम विभाग ने उत्तर भारत के राज्यों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर...
IMD Alert: उत्तर भारत में सर्दी का सितम बढ़ने लगा है। दिसंबर की शुरुआत होते ही सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ गई है। कई जगहों पर शीतलहर के हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। IMD ने लोगों को ठंड से बचने की सलाह दी है।
भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) ने कहा कि 6 व 7 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। 6 दिसंबर को पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी तापमान काफी नीचे जा सकता है।
IMD ने कहा कि बिहार में आज कई हिस्सों में ठंडी पछुआ हवा चलेगी। हवा की रफ्तार 20KM/H रहेगी।हवा की दिशा बदलने से रात और सुबह का तापमान और नीचे आ सकता है। 8 जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से कम रहने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।
IMD के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में बीते 24 घंटों में ठंड ने लोगों को खासा परेशान किया। IMD ने 11 दिसंबर तक का पूर्वानुमान जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि 6 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7°सेल्सियस गिर सकता है। वहीं, 8-11 दिसंबर तक तापमान और गिरकर 6°C तक जा सकता है।
मौसम विभाग पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में तापमान लगभग 7 दिनों तक स्थिर रहेगा। महाराष्ट्र में अगले चार दिन तापमान लगभग सामान्य बना रहेगा। उसके बाद 2–3° सेल्सियस की गिरावट संभव है। 6 से 10 दिसंबर के बीच पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 6–8 दिसंबर के दौरान और ओडिशा में 6–7 दिसंबर को सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है।
उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश का अनुमान है जताया गया है। जम्मू-कश्मीर में 8 दिसंबर तक, हिमाचल प्रदेश में 7 दिसंबर तक और उत्तराखंड में 8 दिसंबर तक मौसम बदल सकता है। वहीं, दक्षिण भारत में बारिश की संभावना जताई है। IMD ने कहा कि , तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकाल में 6 दिसंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।