राष्ट्रीय

IMD Alert: इन राज्यों में 29, 30 और 31 अक्टूबर तक बारिश का दौर रहेगा जारी , कमजोर हुआ चक्रवात ‘मोंथा’

चक्रवात मोंथा के लैंडफॉल के बाद आंध्र प्रदेश में 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली। इससे कई पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। IMD ने कहा कि 29 से 31 अक्टूबर तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

2 min read
Oct 29, 2025
चक्रवातीय तूफान मोंथा कराएगा भारी बारिश। मौसम विभाग की चेतावनी। PC:

Weather Update: मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद मोंथा चक्रवात कमजोर हो गया है। आज सुबह वह आंध्र प्रदेश और यानम (पुडुचेरी) के तटीय इलाकों मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच से गुजर गया। भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department – IMD) के रात 12.30 बजे के अपडेट के अनुसार अगले 6 घंटे में तूफान कमजोर हो जाएगा। इस दौरान तटीय इलाकों में तेज बारिश (Heavy Rain Alert) होगी। विभाग ने कहा कि लैंडफॉल के समय तटीय इलाकों में 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली। इसमें कई पेड़ उखड़ गए और कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

आंध्र प्रदेश में कर्फ्यू लागू

आंध्र प्रदेश की नायडू सरकार ने चक्रवात के असर को देखते हुए सात जिलों कृष्णा, एलुरु, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, काकीनाडा, डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनसीमा और अल्लूरी सीताराम राजू (चिंतूर और रामपचोदावरम डिवीजन) में नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। रात 8:30 बजे से सुबह 6 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है। चक्रवात मोंथा के चलते ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 100 से अधिक ट्रेनों के परिचालन को रद्द कर दिया है। विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम और तिरुपति से उड़ाने भी कैंसिल की गई हैं।

29, 30 और 31 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट

देश भर में इस साल मानसून में जमकर बारिश हुई। दक्षिण पश्चिम मानसून वापस हो गया है, लेकिन अभी भी कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department – IMD) ने देश के कई राज्यों में 29, 30 और 31 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान के पूर्वी जिलों में 29 और 30 अक्टूबर को तेज हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही, 3 नवंबर को एक नए सिस्टम के एक्टिव होने के साथ ही कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

यूपी में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तरप्रदेश के पूर्वी जिलों में 29, 30 और 31 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है।

ओडिशा के कई जिलों में रेड अलर्ट

ओडिशा में भारी बारिश का दौर जारी है। IMD ने मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजम जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। नबरंगपुर, कालाहांडी, कंधमाल, नयागढ़, नूपाड़ा, बोलांगीर, सोनपुर, बौध, खुर्दा, पुरी और बर्गढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अंगुल, ढेंकनाल, कटक, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, केनुझार, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, संबलपुर, देवगढ़, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण भारत में भी होगी बारिश

दक्षिण भारत के केरल, तेलंगाना, यनम, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में कई जगह 29-31 अक्टूबर के दौरान तेज़ हवाओं के साथ जमकर बादल बरसेंगे। उत्तर-पूर्व भारत के मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड में अगले 3 दिन जमकर बादल बरसने का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और एमपी में बारिश की संभावना है।

Updated on:
30 Oct 2025 07:19 am
Published on:
29 Oct 2025 06:44 am
Also Read
View All

अगली खबर