
IndiGo flight engine failure emergency landing in Chennai: कोलकाता से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट का एक इंजन हवा में फेल कर गया। लैंडिंग से पहले विमान में आई खराबी की वजह से चेन्नई एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। इसके बाद आनन-फानन में चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। गनीमत रही कि पायलट की सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई और सभी 224 यात्री बाल-बाल बच गए।
मामले की जानकारी देते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी ने कहा कि मंगलवार की रात इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से चेन्नई आ रही थी। विमान में कुल 224 लोग सवार थे। फ्लाइट के चेन्नई पहुंचने का तय समय रात 11.30 बजे था, लेकिन जब पायलट लैंडिंग की तैयारी कर रहा था। उस समय पायलट को पता चला कि विमान का बायां इंजन फेल हो चुका है। इसके बाद उसने यह जानकारी चेन्नई ATC को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ATC ने फुल इमरजेंसी लागू कर दी और विमान को तत्काल प्रभाव से सुरक्षित उतारने के लिए सभी सुरक्षा उपायों को लागू कर दिया।
उधर, 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI2379) के हवा में अचानक 300 फीट नीचे गिरने से 24 लोगों के घायल होने के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद जब पायलट (PIC) का लैब टेस्ट कराया गया, तो उसमें ड्रग (मारिजुआना) की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद DGCA ने दोनों पायलटों को तुरंत प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया है और मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को सौंप दी है।
इस मामले को लेकर एक यात्री ने बताया कि पायलट हमारे साथ ही कॉकपिट की तरफ बढ़ा था। जब मैंने उससे फ्लाइट के समय को लेकर सवाल पूछा, तो उसने जवाब देने में काफी वक्त लिया। उसकी आंखें पूरी तरह लाल थी। मैंने तभी अपने भाई से कहा था कि यह पायलट नशे में लग रहा है।