राष्ट्रीय

जग्गा सिंह के जहर खाने की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मान सरकार को घेरा, बोले- ‘क्या इसी के लिए पंजाब सौंपा था?’

संगरूर में जग्गा सिंह के जहरीला पदार्थ निगलने की घटना पर कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने भगवंत मान सरकार को घेरा है। जानिए चन्नी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और नशे को लेकर क्या कहा?
2 min read
• •
Updated: 21 Sep 2026, 1:22 PM IST
Charanjit Singh Channi on Punjab Law and Order
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Photo-IANS)

Charanjit Singh Channi on Punjab Law and Order: पंजाब के संगरूर में डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय के बाहर एक युवक के जहरीला पदार्थ निगलने की घटना को लेकर सियासत गरमा गई है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर निशाना साधा है। चन्नी ने पंजाब में नशे, हत्याओं और कथित राजनीतिक व पुलिस दबाव को लेकर सरकार से सवाल किए। चन्नी ने कहा कि पंजाब में सरकार की कथित मनमानी, दबाव और गुंडागर्दी रुकने का नाम नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नशे की समस्या और हत्याएं नहीं रुक रही हैं। साथ ही राजनीतिक और पुलिस दबाव भी जारी है।

जग्गा सिंह के जहर खाने की घटना का जिक्र

चन्नी ने अपने बयान में संगरूर के जग्गा सिंह का जिक्र किया। जग्गा सिंह ने रविवार को संगरूर के DC कार्यालय के बाहर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उसे पहले संगरूर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जग्गा सिंह संगरूर के नमोल गांव का रहने वाला है। उसने आरोप लगाया कि गांव में ड्रग्स की कथित बिक्री से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद उसे धमकाया गया और परेशान किया गया।

जग्गा ने आरोप लगाया कि गांव के सरपंच और उनके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे वीडियो हटाने के लिए दबाव बनाया। उसने यह भी दावा किया कि उसके घर में लगे CCTV कैमरे हटाए गए और DVR ले जाया गया। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। गांव के सरपंच ने एक रिपोर्ट में घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।

नशा और हत्याएं नहीं रुक रहीं

चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में नशे की समस्या के साथ हत्याओं का सिलसिला भी नहीं रुक रहा है।उन्होंने हाल की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले गुलजार सिंह की मौत हुई, उसके बाद मोहनजीत के साथ मारपीट की घटना सामने आई और अब जग्गा सिंह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। चन्नी ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में राजनीतिक और पुलिस दबाव का माहौल बना हुआ है।

क्या इसी के लिए पंजाब सौंपा था?

चन्नी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या लोगों ने पंजाब की सत्ता उन्हें इसी स्थिति के लिए सौंपी थी। उन्होंने सरकार के क्रांतिकारी रवैये पर भी सवाल उठाया। चन्नी ने पूछा कि अगर पंजाब में नशा, हत्याएं और लोगों पर कथित दबाव नहीं रुक रहा है तो इसे सरकार का क्रांतिकारी रवैया कैसे कहा जा सकता है।

संगरूर में ड्रग्स को लेकर बढ़ा राजनीतिक विवाद

जग्गा सिंह की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब संगरूर में ड्रग्स को लेकर पहले से राजनीतिक विवाद चल रहा है। हाल में गुलजार सिंह की मौत को लेकर भी विपक्ष ने पंजाब सरकार पर सवाल उठाए थे। इस मामले में पंजाब पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच टीम बनाई है और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने भी पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी है जग्गा सिंह के मामले में पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। उसके बयान दर्ज करने और मामले की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जग्गा सिंह का इलाज पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में चल रहा है। उसके लगाए आरोपों की जांच जारी है।