
Jamia Millia Islamia: जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने कैंपस में जारी छात्र प्रदर्शनों के बीच ऑनलाइन कक्षाओं को 8 नवंबर 2026 तक जारी रखने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी की ओर से 26 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, दिवाली की छुट्टियों के बाद कैंपस की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद तय होगा कि कक्षाएं ऑनलाइन जारी रहेंगी या ऑफलाइन मोड में लौटेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरे मिड-टर्म सेमेस्टर परीक्षाओं को भी ऑनलाइन कराने का फैसला लिया है। हालांकि, परीक्षा की तारीखों, दिशा-निर्देशों और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर डिटेल जानकारी संबंधित विभागों के डीन, प्रमुख और डायरेक्टर परीक्षा नियंत्रक से चर्चा के बाद तय करेंगे।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन ने 24 अक्टूबर 2026 के नोटिस के तहत सभी कोर्सों की कक्षाएं तत्काल प्रभाव से ऑनलाइन करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 26 अक्टूबर को कुलपति की अध्यक्षता में डीन, विभागाध्यक्षों, निदेशकों और अन्य अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कैंपस की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि सभी कोर्सों की ऑनलाइन कक्षाएं दिवाली की छुट्टियों यानी 8 नवंबर 2026 तक जारी रहेंगी। दिवाली की छुट्टियों के बाद कैंपस की स्थिति के आधार पर ऑनलाइन कक्षाओं को जारी रखने या उनमें बदलाव करने पर फैसला लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने दूसरे मिड-टर्म सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में कराने का फैसला किया है। परीक्षा का शेड्यूल, दिशा-निर्देश और परीक्षा से जुड़ी अन्य प्रक्रियाएं संबंधित विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष और डायरेक्टर परीक्षा नियंत्रक के परामर्श से तय करेंगे। इसलिए फिलहाल परीक्षा की तारीखों और ऑनलाइन परीक्षा की प्रक्रिया को लेकर अलग से डिटेल दिशा-निर्देश जारी होने का इंतजार है।
जामिया प्रशासन ने पीएचडी रिसर्च स्कॉलर्स को अपने संबंधित सुपरवाइजर से ऑनलाइन माध्यम से संपर्क करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, सभी डीन, विभागाध्यक्षों और निदेशकों को ऑनलाइन कक्षाओं और परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है। विश्वविद्यालय ने छात्रों की उपस्थिति का नियमित रिकॉर्ड रखने का निर्देश भी दिया है।