Kalpana Vs Munia Devi: प्रदेश की 81 विधानसभा सीटों में से एक सीट गांडेय विधानसभा सीट भी है। इस सीट से झामुमो से सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन मैदान में है। बीजेपी ने यहां से मुनिया देवी को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह सीट प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट में से एक है।
Jharkhand Election: झारखंड की 81 विधासनभा सीटों (Jharkhand Assembly Election) पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 13 नवंबर को वोटिंग हो गई। वहीं दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को मतदान किया जाएगा। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। पहले फेज में 43 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई है जबकि दूसरे फेज में 38 सीटों पर चुनाव होगा। प्रदेश की 81 विधानसभा सीटों में से एक सीट गांडेय (Gandey) विधानसभा सीट भी है। इस सीट से झामुमो से सीएम हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की पत्नी कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) मैदान में है। बीजेपी (BJP) ने यहां से मुनिया देवी (Munia Devi) को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह सीट प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट में से एक है। गांडेय विधानसभा सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई है। बता दें कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन का चुनाव लड़ने से यह सीट हाई प्रोफाइल बन गई है। गांडेय विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की गांडेय विधानसभा सीट गढ़ मानी जाती है। यह सीट 1977 में अस्तित्व में आई थी। तब से लेकर अब तक 6 बार झामुमो प्रत्याशियों ने इस सीट पर जीत हासिल की थी जबकि कांग्रेस को दो बार जीत मिली है। इस सीट से JMM के सालखन सोरेन इस सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं।
गांडेय विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को प्रत्याशी बनाया है। कल्पना सोरेन ने इसी साल हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के दिलीप वर्मा को चुनाव हराया है। कल्पना सोरेन झामुमो की स्टार प्रचारक हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में गांडेय विधानसभा सीट से झामुमो के डॉ सरफराज अहमद ने जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के जयप्रकाश वर्मा को हराया था। सरफराज अहमद को 65023 वोट मिले थे जबकि बीजेपी प्रत्याशी जयप्रकाश वर्मा को 56168 वोट मिले थे। 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से कुल 13 प्रत्याशी मैदान में थे।
झारखंड विधानसभा चुनाव 2014 में बीजेपी प्रत्याशी जयप्रकाश वर्मा ने जीत हासिल की थी। उन्होंने जेएमएम प्रत्याशी सालखन सोरेन को हराया था। बीजेपी प्रत्याशी जयप्रकाश वर्मा को 48838 वोट और जेएमएम प्रत्याशी सालखन सोरेन को 38559 वोट मिले थे।