
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ। फाइल फोटो- पत्रिका
Surat Crime Branch: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में फायरिंग करने वाले शूटर्स वारदात को अंजाम देने के बाद सड़क मार्ग से गुजरात में दाखिल हुए थे। इसके बाद वे सूरत रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन के जरिए फरार होने में कामयाब रहे। हालांकि समय रहते मिले पुख्ता इनपुट्स और मुस्तैद पुलिस कार्रवाई के चलते अंतत: कोटा पुलिस ने इन्हें धर दबोचा। इस पूरे घटनाक्रम में जेल में बंद लॉरेंस के गिरोह का हाथ होने की बात सामने आ रही है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार मुंबई में हुई इस गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद खुफिया एजेंसियों और पुलिस को आरोपियों के मूवमेंट की भनक लग गई थी। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर सूरत शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत हरकत में आई और सूरत रेलवे स्टेशन पर डेरा डाल दिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए, जिससे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी इस हाई-प्रोफाइल मामले की जानकारी मिली।
फुटेज की बारीकी से जांच करने पर सामने आया कि अभिनेता पर हमला करने वाले तीनों आरोपी रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे सूरत रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बदमाशों ने चालाकी दिखाते हुए यहां से गुजर रही ट्रेन संख्या 12939 (पुणे-जयपुर एक्सप्रेस) पकड़ी और उसमें सवार होकर आगे निकल गए। सूरत से मिले इन अहम तकनीकी इनपुट्स को आधार बनाते हुए मुंबई पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा। इसके बाद कोटा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सोमवार सुबह पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में दबिश दी और तीनों हमलावरों को दबोच लिया।
इस हाई-प्रोफाइल घटना के सामने आने के बाद सूरत आरपीएफ भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर तैनात जवानों को हाई अलर्ट पर रहने और स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों तथा अपराधियों पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। वहीं दूसरी तरफ डीसीपी राज तिलक ने बताया कि टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग के बाद आरोपियों ने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट स्टेशन के पास छोड़ दी थी। इसके बाद वो अंधेरी की बीट चौकी से होते हुए लोकल ट्रेन से बोरीवली पहुंचे। वो बोरीवली से कैब के जरिए सूरत गए और फिर जयपुर एक्सप्रेस से सूरत से कोटा पहुंचे।
Updated on:
19 Oct 2026 07:46 pm
Published on:
19 Oct 2026 07:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
