
JMM on Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर INDIA गठबंधन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस को एक के बाद एक सहयोगी दलों से झटके मिल रहे हैं। पहले डीएमके ने बिल का समर्थन करने का फैसला नहीं बदला। इधर अब अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भी परिसीमन बिल के लिए कुछ शर्ते रख दी हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई और JMM विधायक बसंत सोरेन ने स्पष्ट कहा है कि उनकी पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन तभी करेगी, जब यह झारखंड और वहां की जनता के हित में होगा। अगर बिल राज्य के खिलाफ हुआ तो पार्टी इसका पूरी ताकत से विरोध करेगी।
JMM विधायक बसंत सोरेन ने रविवार को बताया कि पार्टी ने समर्थन के लिए अपनी शर्तें पहले ही स्पष्ट कर दी हैं। अगर प्रस्ताव जनता और राज्य के हित में है तो JMM इसका पूरा समर्थन करेगी। लेकिन अगर यह जनविरोधी और राज्य के हितों के खिलाफ हुआ तो पार्टी इसका कड़ा विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की भावनाओं से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी पार्टी की शर्तें पहले ही सामने रख चुके हैं।
कांग्रेस ने JMM से बिल का विरोध करने की अपील की है। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रस्ताव में विधानसभा और लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने की बात है, लेकिन आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटें उसी अनुपात में बढ़ाने का प्रावधान नहीं है। उनके मुताबिक झारखंड में अभी आदिवासियों के लिए 28 सीटें आरक्षित हैं।
मौजूदा हिस्सेदारी बनाए रखने के लिए इन्हें बढ़ाकर 42 करना होगा, जबकि प्रस्तावित व्यवस्था में इनकी संख्या केवल 32 तक पहुंचने की बात है। कांग्रेस का कहना है कि इससे आदिवासी समुदाय की राजनीतिक भागीदारी कमजोर होगी।
केंद्र सरकार सोमवार को परिसीमन विधेयक पेश करने वाली है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने की योजना है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। बिल पारित करने के लिए मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी।
डीएमके के समर्थन के अलावा YSRCP और NCP-SP ने भी संशोधित प्रस्तावों का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। इससे NDA का अनुमानित आंकड़ा लोकसभा में करीब 354 सांसदों तक पहुंच गया है। हालांकि, सभी 540 मौजूदा सदस्य मतदान करते हैं तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए होंगे। कांग्रेस और विपक्षी दल महिला आरक्षण का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने का विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि परिसीमन नवीनतम जनगणना के आधार पर हो।