राष्ट्रीय

सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले में नया मोड़, पत्नी ने केंद्र और असम सरकार से की ये खास अपील

Zubeen Garg Case: सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। पत्नी गरिमा सैकिया ने सिंगापुर में चल रही जांच पर करीबी निगरानी के लिए केंद्र और असम सरकार से अपील की है।

2 min read
Jan 16, 2026
सिंगर जुबीन गर्ग की मौत पर पत्नी की अपील (X)

फेमस सिंगर जुबीन गर्ग (Zubeen Garg) की मौत के मामले में एक बार फिर बड़ा मोड़ सामने आया है। उनकी पत्नी गरिमा सैकिया ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए केंद्र सरकार और असम सरकार से अपील की है कि वे सिंगापुर में चल रही कानूनी कार्यवाही पर करीबी निगरानी रखें और यह सुनिश्चित करें कि सभी तथ्य कोर्ट के सामने आएं।

सिंगापुर की कोर्ट ने बताई मौत की वजह

गरिमा का यह बयान ऐसे समय आया है जब सिंगापुर की कोरोनर कोर्ट को हाल ही में जानकारी दी गई कि जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर 2025 को लाजरस आइलैंड के पास समुद्र में डूबने से हुई थी। सिंगापुर पुलिस कोस्ट गार्ड के अधिकारी एएसपी डेविड लिम ने कोर्ट में बताया कि गर्ग ने कथित तौर पर शराब का सेवन किया था और उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से इनकार कर दिया था।

जांच के लिए SIT का गठन

गरिमा सैकिया ने साफ कहा कि जुबीन गर्ग के परिवार की ओर से सच्चाई की तलाश पूरी तरह कानूनी, पारदर्शी और निरंतर रही है। उन्होंने बताया कि घटना के कुछ दिनों बाद जब यॉट से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, तभी मामले को लेकर गंभीर संदेह पैदा हुआ। इसके बाद असम में एफआईआर दर्ज की गई और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने गहन जांच के बाद करीब 2,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें हत्या से संबंधित धाराओं का भी उल्लेख किया गया है।

सिंगापुर अधिकारियों की भूमिका

परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि सिंगापुर अधिकारियों ने घटना के तुरंत बाद स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी। इस पूरी प्रक्रिया में भारतीय उच्चायोग ने कानूनी औपचारिकताओं और पोस्टमार्टम प्रक्रिया में सक्रिय समन्वय की भूमिका निभाई। गरिमा ने कहा कि सिंगापुर पुलिस के साथ सभी संवाद पूरी तरह औपचारिक और कानूनी चैनलों के माध्यम से हुए और जांच के दौरान इन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया।

कोरोनर कोर्ट में उठे सवाल

  • यॉट पर सुरक्षा इंतजाम कितने पर्याप्त थे?
  • घटना के समय जुबीन गर्ग की शारीरिक और मानसिक स्थिति कैसी थी?
  • समुद्र में उतरने से पहले घटनाक्रम क्या था?
  • जब गर्ग ने परेशानी के संकेत दिए, तब मौजूद लोगों की प्रतिक्रिया क्या रही?
  • मेडिकल सहायता कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी ढंग से दी गई?

सरकार से न्याय की अपील

जुबीन गर्ग के परिवार ने एक बार फिर भारत सरकार और असम सरकार से अपील की है कि वे सिंगापुर में चल रही जांच और अदालती कार्यवाही पर करीबी नजर रखें, ताकि कोई भी महत्वपूर्ण तथ्य नजरअंदाज न हो। गरिमा सैकिया ने कहा, “न्याय की तलाश में हमने हर कानूनी रास्ता अपनाया है और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक सच्चाई पूरी तरह सामने नहीं आ जाती।”

Published on:
16 Jan 2026 10:59 am
Also Read
View All

अगली खबर