Bihar Politics: आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी बेटी रोहिणी को संसद पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव प्रचार अभियान की कमान खुद संभालेंगे।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद सारण के चुनावी मैदान में दिखने वाले हैं। अपनी बेटी और सारण लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी रोहिणी आचार्य को जीताने के लिए लालू प्रसाद अब सारण में कैंप करेंगे। इसके लिए लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी के साथ बुधवार को छपरा के लिए रवाना हो गए।
बेटी के लिए रोड शो कर सकते हैं लालू
राजद के नेताओं के मुताबिक, लालू प्रसाद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य के समर्थन में रोड शो कर सकते हैं। इसके अलावा वे छपरा स्थित पार्टी कार्यालय में बुधवार को कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और स्थिति की जानकारी लेंगे। सूत्रों का कहना है कि रोहिणी की जीत संभव बनाने के लिए लालू प्रसाद छपरा में ही कैंप करेंगे। बता दें कि तेजस्वी यादव ने मंगलवार को ही कहा था कि लालू प्रसाद चुनाव प्रचार में उतरेंगे।
राजीव प्रताप रूडी से होगी मुकाबला
सारण में रोहिणी का मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी से है। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को सारण के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हालांकि राजद प्रत्याशी रोहिणी बढ़त बनाने को लेकर लगातार जनसंपर्क में जुटी हैं।