TMC On Adhir Ranjan : ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर बीजेपी से मिलीभगत का आरोप लगाया है।
TMC On Adhir Ranjan : लोकसभा चुनाव के दो चरण के मतदान हो चुके है लेकिन इंडिया गठबंधन के दलों के बीच का झगड़ा अभी भी ख़त्म नहीं हुआ है। एक बार फिर पश्चिम बंगाल में टीएमसी और कांग्रेस का झगड़ा सबके सामने आया है। सत्तारूढ़ टीएमसी ने बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष और बहरामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी का एक वीडियो शेयर कर बंगाल में भाजपा-वाम दल-कांग्रेस की मिलीभगत का आरोप लगाया है। कथित वीडियो में अधीर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि टीएमसी के बजाय भारतीय जनता पार्टी को वोट देना बेहतर है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने यह बात मंगलवार को जंगीपुर में एक चुनावी सभा में कही। अधीर ने कहा कि टीएमसी और बीजेपी को वोट देना एक ही बात है। अधीर रंजन ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'चुनाव देश का भविष्य तय करने के लिए है, इसलिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों को वोट दें। मोदी 400+ की बात कह रहे थे, लेकिन अब वह ऐसा नहीं कहते। वह जानते हैं कि वह पहले ही 100 सीटें हार चुके हैं।'
अधीर रंजन चौधरी ने अपने भाषण में आगे कहा, 'कांग्रेस और लेफ्ट का जीतना जरूरी है, अगर ऐसा नहीं होगा तो धर्मनिरपेक्षता खतरे में पड़ जाएगी। टीएमसी को वोट देने का मतलब है बीजेपी को वोट देना, इसलिए बेहतर होगा कि आप बीजेपी को ही वोट दें। इसके बाद उन्होंने यह भी कहा कि, बीजेपी को वोट न दें, टीएमसी को वोट न दें।'
तृणमूल ने अधीर के भाषण के वीडियो पर हमला बोला है। अधीर पर निशाना साधते हुए तृणमूल ने एक्स पर कहा, अधीर बीजेपी की बी टीम हैं। बंगाल में बीजेपी की आंख और कान के रूप में काम करने के बाद, अब अधीर ने बंगाल में बीजेपी की आवाज के रूप में प्रचार किया है। सुनिए कैसे बी-टीम का सदस्य खुलेआम लोगों से बीजेपी के लिए वोट करने के लिए कह रहा है। जिसने बंगाल का वाजिब हक देने से इनकार कर दिया और हमारे लोगों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया। केवल एक बांग्ला-विरोधी ही भाजपा के लिए प्रचार कर सकता है, जिसने बार-बार बंगाल के प्रतीकों का अपमान किया है। 13 मई को, बहरामपुर के लोग इस विश्वासघात का उचित जवाब देंगे!"