
Lok Sabha Elections Results 2024: लोकसभा चुनाव की मतगणना से पहले कांग्रेस ने करीब नौ राज्य में कांटे के मुकाबले वाली करीब 40 से 50 सीटों पर नजर बना रखी है। ये वे राज्य हैं जबां अब तक क्षेत्रीय दलों का दबदबा रहा है, लेकिन एग्जिट पोल में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन के संकेत दिखाए गए हैं। इंडिया गठबंधन इन दलों के प्रदर्शन पर ही टिका हुआ है। यदि क्षेत्रीय दलों के दबदबे वाले राज्यों में भाजपा का प्रदर्शन एग्जिट पोल के मुताबिक नतीजों में बदल गया तो गठबंधन परेशानी में आ जाएगा। यही वजह है कि कांग्रेस ने भाजपा से सीधे मुकाबले वाले राज्यों से ज्यादा क्षेत्रीय दलों के मुकाबले वाले राज्यों पर निगाह टिकाई है।
राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र की करीब 40 से 50 सीटें ऐसी बताई जा रही है, जिन पर कांटे की टक्कर है। ऐसी सीटों पर हर राउंड की मतगणना की अपडेट कांग्रेस मुख्यालय तक पहुंचाने का नेटवर्क तैयार किया गया है। उम्मीदवारों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी हालत में मतगणना के दौरान लापरवाही नहीं बरते। सभी काउंटिंग एजेंटों को सचेत रहने के लिए कहा गया है।
गठबंधन में शामिल टीएमसी पश्चिम बंगाल, डीएमके तमिलनाडु, आप पंजाब और सीपीएम केरल में सरकार चला रही है। पंजाब व केरल में कांग्रेस ही प्रमुख विपक्षी दल भी है। इसके अलावा तेलंगाना में कांग्रेस सरकार चला रही है और बीआरएस प्रमुख विपक्षी दल है। एग्जिट पोल में इन सभी राज्यों में भाजपा के प्रदर्शन सुधरने के संकेत दिए गए हैं। बीजेडी के ओडिशा और वायएसआर कांग्रेस के आंध्र प्रदेश में भी एनडीए आगे आने की बात कही जा रही है। एग्जिट पोल में भाजपा के मजबूत गढ़ उत्तर प्रदेश में सपा और बिहार में आरजेडी के साथ होने के बावजूद गठबंधन को कोई खास फायदा नहीं बताया गया है।
चुनाव नतीजों को लेकर दोनों खेमों में उत्साह का माहौल है। एग्जिट पोल के संकेतों से भाजपा और एनडीए में विशेष जोर देखा जा रहा है तो कांग्रेस और इंडिया समूह को उम्मीद है कि वास्तविक परिणाम एग्जिट पोलों से उलट आएंगे। दोनों पार्टियों के मुख्यालयों पर जश्न की तैयारी की गई है। बड़े-बडे पंडाल लगाए गए हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि तीसरी बार जीतने पर प्रधानमंत्री मोदी पार्टी नेताओं के साथ अपने आवास से पार्टी के केंद्रीय कार्यालय तक रोड शो कर सकते हैं। उधर, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कहा कि हमें नतीजों का इंतजार करना होगा। बस इंतजार करें और देखें। उम्मीद है परिणाम एग्जिट पोलों से उलट होंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा अगर इस चुनाव में 300 सीट पार जाती है, तो ये जनता का वोट नहीं, बल्कि ईवीएम का वोट होगा। कांग्रेस ने 295 का जो दावा किया है, वह ठीक है।
लोकसभा के चुनाव संपन्न होने के बाद और मतगणना से एक दिन पहले राजग के प्रमुख घटक दल जनता दल (यू) के प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही है कि परिणाम आने के बाद संभवतः नीतीश को केंद्र में मंत्री पद दिया जा सकता है और बिहार में उनकी जगह भाजपा के किसी नेता को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है।